भारत और न्यूजीलैंड ने खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की

Ads

भारत और न्यूजीलैंड ने खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 09:14 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को न्यूजीलैंड के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर ‘हाई परफॉर्मेंस’ खेलों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें संयुक्त प्रशिक्षण शिविर, कोचों के आदान-प्रदान और खेल विज्ञान, विश्लेषण तथा खिलाड़ी प्रदर्शन प्रणाली की समझ साझा करने पर विशेष जोर दिया गया।

मांडविया ने न्यूजीलैंड के खेल प्रतिनिधिमंडल के साथ उच्चस्तरीय मंत्रीस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। दोनों पक्षों के बीच हुई चर्चा में न्यूजीलैंड के कोच विकास ढांचे को राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस), पटियाला के पाठ्यक्रम में शामिल करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

वर्ष 2026 भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक होगा। इसकी शुरुआत 1926 में भारतीय सेना की ऐतिहासिक हॉकी टीम के न्यूजीलैंड दौरे से हुई थी, जो दोनों देशों के बीच शुरुआती बड़े खेल संपर्कों में से एक था।

इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए दोनों देशों ने खेल सहयोग और खेल कूटनीति को मजबूत बनाने के लिए नई पहलों पर भी विचार किया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल में खेल सचिव हरि रंजन राव के अलावा युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, भारतीय ओलंपिक संघ तथा विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

इससे पहले दिन में राव ने न्यूजीलैंड के अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक का नेतृत्व किया, जिसमें द्विपक्षीय खेल सहयोग को और विस्तार देने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने सहयोग के लिए रग्बी, रोइंग, कैनोइंग, सेलिंग, एथलेटिक्स और साइक्लिंग जैसे खेलों को प्राथमिकता के रूप में चिन्हित किया।

न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खेल एवं मनोरंजन के सहयोगी मंत्री क्रिस बिशप कर रहे थे। प्रतिनिधिमंडल में भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक जॉन राता, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रोस टेलर, रैलेन कैसल तथा हॉकी न्यूजीलैंड, एथलेटिक्स न्यूजीलैंड और पैरालंपिक न्यूजीलैंड के प्रतिनिधि भी शामिल थे।

चर्चा का मुख्य केंद्र भारत-न्यूजीलैंड शताब्दी खेल सहयोग कार्यक्रम 2026 रहा जो दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू की जाने वाली वर्षभर की पहल है। इसका उद्देश्य खेल विकास, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना है।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता