गुआंगडोंग (चीन), 17 जनवरी (भाषा) भारत ने बुधवार को यहां मंगोलिया पर 3-1 से जीत से विश्व टीम स्नूकर चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस मुश्किल जीत ने पूर्व चैंपियन टीम को चीन ‘बी’ के खिलाफ अंतिम आठ मुकाबला तय करने में मदद की जिससे टूर्नामेंट के पहले दिन लीग चरण में उन्हें करीबी हार मिली थी।
मेजबान चीन ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में सिंगापुर को 3-1 से हराया।
इससे पहले दिन में भारत ने ग्रुप बी के अपने आखिरी लीग मैच में कमजोर तुर्की को 3-0 से एकतरफा मात देकर नॉकआउट में जगह बनाई।
नासनबुयान ओरगिल के साथ कड़े मुकाबले के बाद आदित्य मेहता ने जीत हासिल की और मंगोलिया के खिलाफ अंतिम-16 के मुकाबले में भारत को बढ़त दिलाई।
पंकज आडवाणी ने सर्गेलेन बटडेल्गर पर 70-6 से जीत के दौरान 51 का ब्रेक बनाया।
इसके बाद आडवाणी और केतन चावला (जो टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेल रहे थे) युगल में 54-70 से हार गए जिससे मंगोलिया को वापसी का मौका मिला।
लेकिन कई बार के विश्व चैंपियन आडवाणी ने वापसी करते हुए ओरगिल पर 67-37 से आसान जीत दर्ज की और मुकाबला अपने नाम किया।
सुबह आडवाणी ने तुर्किए के इस्माइल तुर्कर पर 60-39 से आसान जीत दर्ज की।
मेहता ने एनेस बाकिरसी को 95-17 से हराकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई।
देश के शीर्ष दो खिलाड़ियों ने मिलकर तुर्किए के तुर्कर और बाकिरसी की जोड़ी को 90-13 से हराया और युगल मैच के साथ मैच 3-0 से अपने नाम की।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर