भारत को उलानबटोर ओपन में तीन स्वर्ण सहित 17 पदक

Ads

भारत को उलानबटोर ओपन में तीन स्वर्ण सहित 17 पदक

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 03:09 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 03:09 PM IST

उलानबटोर, आठ जून (भाषा) भारत ने उलानबटोर ओपन सीनियर रैंकिंग सीरीज कुश्ती टूर्नामेंट में अपने अभियान का शानदार अंत किया जब यहां प्रतियोगिता के अंतिम दिन दीपक (61 किग्रा), सागर जगलान (74 किग्रा) और दिनेश (125 किग्रा) ने पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

रविवार को इन तीनों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत पुरुष फ्रीस्टाइल में सात पदक हासिल करने में सफल रहा। भारत ने फ्रीस्टाइल, ग्रीकोरोमन और महिला कुश्ती में कुल मिलाकर 17 पदक जीते और टीम तालिका में शीर्ष तीन में शामिल रहा।

दीपक ने कजाखस्तान के आसिल एताकिन को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर 61 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि दिनेश ने 125 किग्रा के फाइनल में कजाखस्तान के येदिगे कासिमबेक को 2-0 से हराया।

सागर ने रूस के तामिर एशिनिमाएव को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर 74 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

भारत के लिए फ्रीस्टाइल वर्ग में सुमित (57 किग्रा), कुमार मोहित (65 किग्रा), जयदीप (74 किग्रा) और विक्की (97 किग्रा) ने चार कांस्य पदक भी जीते जिससे भारत टीम चैंपियनशिप में रूस के बाद उप विजेता रहा।

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, ‘‘हमारी फ्रीस्टाइल टीम का उप विजेता बनना और ग्रीकोरोमन टीम का ओवरऑल चैंपियनशिप जीतना भारतीय कुश्ती के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच 17 पदक जीतना महाद्वीपीय स्तर पर हमारे खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्षमता को दर्शाता है।’’

इससे पहले भारत के ग्रीकोरोमन पहलवानों में सुनील (87 किग्रा) और नितेश (97 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते जबकि साहिल ने 60 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। भारत की ग्रीकोरोमन टीम ने 119 अंक के साथ ओवरऑल टीम खिताब जीता।

महिला पहलवानों ने सात पदक जीते जिसमें मनीषा (57 किग्रा), नेहा (59 किग्रा) और काजल (76 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। नीलम (50 किग्रा), हंसिका लाम्बा (55 किग्रा), मानसी (62 किग्रा) और प्रिया (76 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते।

भाषा सुधीर मोना

मोना