ईरान ने न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ खेलकर विश्व कप की शुरुआत की

ईरान ने न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ खेलकर विश्व कप की शुरुआत की

ईरान ने न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ खेलकर विश्व कप की शुरुआत की
Modified Date: June 16, 2026 / 09:42 am IST
Published Date: June 16, 2026 9:42 am IST

इंगलवुड (अमेरिका), 16 जून (एपी) अमेरिका के साथ युद्ध के कारण तनावपूर्ण परिस्थितियों में खेल रहे ईरान ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप जी का अपना मैच 2-2 से ड्रॉ खेला।

राजनीतिक परिस्थितियों के कारण ईरान की टीम विश्व कप के लिए अपेक्षित तैयारी नहीं कर पाई थी लेकिन उसके खिलाड़ियों ने अपना जोश और जज्बा बनाए रखा तथा 64वें मिनट में मोहम्मद मोहेबी के गोल से बराबरी हासिल की।

न्यूजीलैंड के लिए एलिजा जस्ट (सातवें और 54वें मिनट) ने दोनों हाफ की शुरुआत में गोल किए, लेकिन ईरान ने दो गोल करके ऑल व्हाइट्स (न्यूजीलैंड की टीम) को विश्व कप इतिहास में अपनी पहली जीत से वंचित रखा।

रामिन रेजाइयन ने 32वें मिनट में ईरान की तरफ से पहला गोल किया। उन्होंने इसके बाद मोहेबी के गोल में मदद की।

अमेरिका और इजरायल के 28 फरवरी को ईरान पर हमला करने के बाद उसकी टीम विश्व कप के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाई। ईरान ने अपने विश्व कप के ग्रुप चरण की मैच अमेरिका से बाहर करवाने का अनुरोध किया था जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बावजूद ईरान ने प्रतियोगिता में भाग लेने का फैसला किया।

टूर्नामेंट के दौरान ईरान ने अपना अभ्यास स्थल एरिज़ोना से मैक्सिको के तिजुआना में स्थानांतरित कर दिया। टीम अपने प्रत्येक मैच को खेलने के लिए एक दिन पहले अमेरिका पहुंचती है और फिर तुरंत मैक्सिको लौट जाती है। कप्तान मेहदी तारेमी ने स्वीकार किया कि इस विश्व कप का अनुभव उनके और उनके साथियों के लिए सुखद नहीं रहा है।

लॉस एंजिलिस के पास सोफी स्टेडियम में ईरान ने अपने कई समर्थकों के सामने टूर्नामेंट की शुरुआत की। यहां ईरानी मूल की जनसंख्या काफी अधिक है। स्टेडियम के बाहर सैकड़ों ईरानी अमेरिकी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं कई प्रवासी ईरानियों ने राष्ट्रगान के दौरान मैदान की ओर पीठ कर ली थी। लेकिन मैच शुरू होते ही लगभग सभी ईरान के खिलाड़ियों के समर्थन में नजर आए।

न्यूजीलैंड की टीम ने अच्छा खेल दिखाया। उसने फीफा रैंकिंग में अपने से 65 पायदान ऊपर वाली टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पिछले दो विश्व कप में किए गए कुल गोल की बराबरी की।

न्यूजीलैंड ने सातवें मिनट में दर्शकों को उस समय चौंका दिया जब कप्तान क्रिस वुड ने गोल किक को रोककर गेंद को जस्ट की ओर धकेल दिया, जिन्होंने कई रक्षकों के बीच से खूबसूरत गोल किया।

ईरान ने 32वें मिनट में बराबरी कर ली जब रेजाइयन ने गोल दागा। जस्ट ने 54वें मिनट में वुड की मदद से फिर गोल किया। वुड ने जस्ट को शानदार पास दिया, जिस पर उन्होंने गोल करने में कोई गलती नहीं की।

लेकिन 64वें मिनट में ईरान ने फिर से बराबरी कर ली जब रेजाइयन के लंबे पास पर मोहेबी ने गोल दागा। इसके बाद दोनों टीमों को गोल करने के मौके मिले, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाईं।

अंतिम सीटी बजने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ मिलाया, कम से कम एक खिलाड़ी ने जर्सी भी बदली।

ईरान लगातार सातवीं बार विश्व कप में भाग ले रहा है जबकि न्यूजीलैंड ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया।

एपी पंत

पंत


लेखक के बारे में