यह विश्वास जगाएगा, पीढ़ियों को प्रेरित करेगा: भारतीय क्रिकेट जगत ने जम्मू-कश्मीर को दी बधाई

Ads

यह विश्वास जगाएगा, पीढ़ियों को प्रेरित करेगा: भारतीय क्रिकेट जगत ने जम्मू-कश्मीर को दी बधाई

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 05:02 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 05:02 PM IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने जम्मू-कश्मीर की पहली रणजी ट्रॉफी खिताबी जीत पर भारतीय क्रिकेट जगत के साथ टीम की इस उपलब्धि की सराहना की।

शाह ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण करार देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मौजूदा पीढ़ी में “विश्वास जगाने” का काम करेगी और आने वाली पीढ़ियों को भी क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

शाह की इन बातों का समर्थन हरभजन सिंह और आर अश्विन जैसे भारतीय क्रिकेट दिग्गजों ने भी किया।

शाह ने एक्स पर लिखा, ‘‘भारत में जम्मू-कश्मीर टीम को जुझारूपन और धैर्य की एक उल्लेखनीय कहानी रचने के लिए बधाई।’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के इस पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ इसमें कोई संदेह नहीं है कि खिलाड़ी सराहना के हकदार हैं, लेकिन इस ऐतिहासिक उपलब्धि को आकार देने में पर्दे के पीछे कड़ी मेहनत करने वाले जम्मू-कश्मीर के कोचिंग सदस्य, प्रबंधन और प्रशासकों के योगदान को भी याद रखना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यह जीत क्षेत्र की मौजूदा पीढ़ी के दिलों में भरोसा जगाएगी और अगली पीढ़ी को बल्ला या गेंद उठाने के लिए प्रेरित करेगी। हमारा खेल दुनिया भर में ऐसी प्रेरक कहानियों से समृद्ध है और उम्मीद है कि इस उपलब्धि को भी उसका उचित सम्मान मिलेगा।”

अश्विन ने उनकी जीत को इस बात का प्रमाण बताया कि रणजी ट्रॉफी टीमें हर नए सत्र में बेहतर तैयारी के साथ आती हैं।

जम्मू-कश्मीर ने हुबली में खेले गए एकतरफा फाइनल में आठ बार की विजेता कर्नाटक पर पहली पारी में बड़ी बढ़त के आधार पर शनिवार को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया।

जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 291 रनों की विशाल बढ़त के साथ ही खिताब लगभग पक्का कर लिया था। टीम को पिछले कुछ सत्र में कड़ी मेहनत का परिणाम मिला।

जम्मू-कश्मीर ने 2024-25 में रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, शारदुल ठाकुर और शिवम दुबे जैसे भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली मुंबई को हराया था।

अश्विन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पिछले एक दशक में सौराष्ट्र, विदर्भ, मध्य प्रदेश, गुजरात और अब जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी जीती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन टीमों ने एक टीम के रूप में एकजुट लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अच्छी तैयारी करने का तरीका खोज लिया है। इसने जयदेव, हर्ष दुबे (भारत ए), रजत पाटीदार, करुण नायर, अक्षर पटेल जैसे क्रिकेटरों को भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका दिया है। समय के साथ जम्मू-कश्मीर में भी इस चैंपियनशिप विजेता टीम के खिलाड़ी नजर आएंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह देश के बाकी क्रिकेटरों के लिए एक बार फिर से याद दिलाता है कि अगर वे एकजुट होकर रणजी ट्रॉफी खिताब को लक्ष्य बनाकर खेलें, तो वे या कम से कम उनके साथी खिलाड़ी देश के लिए खेल सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू और कश्मीर को बहुत-बहुत बधाई, यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।’’

महान स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि रणजी ट्रॉफी जीतना आसान नहीं है और जम्मू-कश्मीर ने जीतने का जज्बा दिखाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ जम्मू-कश्मीर के लिए क्या शानदार दिन है। उन्होंने पूरे सत्र में बेहतरीन क्रिकेट खेला और एक टीम की तरह खेले। बहुत-बहुत बधाई और आगे भी कई ट्रॉफियां जीतें। जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ते देखना बहुत अच्छा लगता है।’’

भारत के पूर्व हरफनमौला इरफान पठान ने कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी जीतने पर कोई संदेह नहीं था।

उन्होंने लिखा, ‘‘पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने के लिए जम्मू-कश्मीर क्रिकेट को बहुत-बहुत बधाई। मुझे जरा भी शक नहीं था कि आप लोग यह उपलब्धि और कई और ट्रॉफियां हासिल करेंगे।’’

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जीत पूरे देश में क्रिकेट के फलने-फूलने का संकेत है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद क्रिकेट का खेल पूरे भारत में कितनी अच्छी तरह फैला हुआ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई के अथक प्रयासों और इसके पूर्व सचिव और वर्तमान आईसीसी अध्यक्ष जयशाह की दूरदृष्टि ने जून 2021 से अब तक क्रिकेट गतिविधियों के प्रबंधन के लिए गठित तीन सदस्यीय उप-समिति के माध्यम से एक खाका तैयार किया, जिससे यह शानदार सफलता संभव हो पाई है। भारतीय क्रिकेट का विकास जारी है।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता