जील, मधुरिमा और जेनिफर छत्रपति संभाजीनगर ओपन के क्वार्टर फाइनल में

Ads

जील, मधुरिमा और जेनिफर छत्रपति संभाजीनगर ओपन के क्वार्टर फाइनल में

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 09:56 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, दो अप्रैल (भाषा) दूसरी वरीयता प्राप्त जील देसाई, वाइल्ड कार्ड धारक मधुरिमा सावंत और गैर वरीयता प्राप्त जेनिफर लुइखाम ने बृहस्पतिवार को यहां छत्रपति संभाजीनगर ओपन एंड्योरेंस टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

वाइल्ड कार्ड धारक खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में मधुरिमा ने यशस्विनी पंवार को 6-3, 7-6 से हराया जबकि जेनिफर ने सोनल पाटिल पर 6-1, 6-2 से शानदार जीत दर्ज की।

जील ने भी अमोदिनी नाइक को 6-2, 6-0 से शिकस्त दी।

कजाखस्तान की शीर्ष वरीयता प्राप्त झिबेक कुलमबायेवा ने भारत की सौम्या रोंडे पर 6-4, 6-0 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

छठी वरीयता प्राप्त सेनिया लास्कुतोवा भी हर्षिनी एन नागराज को 6-1, 7-5 से हराकर अगले दौर में पहुंच गईं जबकि चौथी वरीयता प्राप्त एलिना नेप्लि ने उज्बेकिस्तान की सेविल युल्दाशेवा को 6-1, 6-2 से आसानी से हरा दिया।

डेनमार्क की सातवीं वरीयता प्राप्त एलेना जमशीदी को संदीप्ति सिंह राव के खिलाफ काफी संघर्ष करना पड़ा लेकिन वह 6-4, 7-5 से जीत हासिल करने में सफल रहीं।

बोस्निया एवं हर्जेगोविना की टी कोवासेविक ने रूस की एकातेरिना याशिना को 6-3, 6-0 से हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की।

युगल वर्ग में झिबेक कुलमबायेवा और एकातेरिना याशिना की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी अगले दौर में पहुंच गईं।

जर्मनी की अनास्तासिया कुपारेव और उज्बेकिस्तान की सेविल युल्दाशेवा की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने भी अगले दौर में जगह बनाई।

सौम्या रोंडे और चेविका रेड्डी सामा की भारतीय जोड़ी ने यशस्विनी पंवार और सौम्या विग की हमवतन जोड़ी को 6-4, 6-4 से हराया।

सोहा सादिक और मधुरिमा की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने दिवा भाटिया और जेनिफर को 6-4, 6-0 से हराया।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द