नॉर्थ साउंड (एंटीगा) 29 जून (एपी) अनुभवी तेज गेंदबाज केमार रोच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का 300वां टेस्ट विकेट लिया, जिससे वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां श्रीलंका को दूसरी पारी में 101 रन पर ढेर करके पहला टेस्ट मैच पारी और 217 रन से जीता।
रोच ने 51 रन देकर चार विकेट लिए। उन्हें उनके साथी तेज गेंदबाजों जेडन सील्स (14 रन देकर तीन विकेट), शमर जोसेफ (19 रन देकर दो विकेट) और अल्जारी जोसेफ (11 रन देकर एक विकेट) का भी अच्छा साथ मिला।
इससे वेस्टइंडीज ने चौथे दिन लंच के बाद श्रीलंका की पारी को केवल 31 ओवर में समेटकर दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। यह वेस्टइंडीज की टेस्ट क्रिकेट में छठी सबसे बड़ी जीत है।
श्रीलंका के केवल दो बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे। इनमें दिनेश चांदीमल ने 43 रन बनाए जबकि सोनल दिनुशा 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन तब जीत की नींव रखी जब आमिर जांगू और कप्तान रोस्टन चेज ने छठे विकेट के लिए 401 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जिससे मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 626 रन समाप्त घोषित करके 318 रन की बढ़त हासिल की। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 308 रन बनाए थे।
तीसरे दिन पिच काफी सपाट लग रही थी, लेकिन रविवार को रोच, सील्स, शमर और अल्जारी ने गेंद को सीम और स्विंग कराया जिसका श्रीलंका के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था।
श्रीलंका की पहली पारी में 120 रन बनाने वाले कप्तान धनंजय डिसिल्वा दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। रोच ने असिथा फर्नांडो को आउट करके अपना 300वां विकेट लिया। वह कर्टनी वॉल्श, कर्टली एम्ब्रोस, मैल्कम मार्शल और लांस गिब्स के बाद 300 विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं।
रोच ने कहा, ‘‘यह लंबा सफर रहा है। टीम को बधाई और रोस्टन चेज़ को भी बधाई जिन्होंने कप्तान के रूप में अपनी पहली जीत हासिल की। डैरेन सैमी ने भी कोच के रूप में अपनी पहली जीत दर्ज की। मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं।’’
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में वेस्टइंडीज ने अपने आठ मैचों में से सात मैच हारे थे। इससे वह अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर था लेकिन अब एक स्थान ऊपर आ गया है।
दूसरा टेस्ट मैच शुक्रवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
एपी
पंत
पंत