रायपुर, 29 मार्च (भाषा) अंबिकापुर में कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन झारखंड और हिमाचल प्रदेश ने रविवार को यहां दो-दो स्वर्ण पदक जीते जबकि मिजोरम ने ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ (केआईटीजी) 2026 के पांचवें दिन भारोत्तोलन स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपना अभियान समाप्त किया।
झारखंड ने स्वर्ण पदक का खाता तब खोला जब पूनम उरांव ने महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में तेलंगाना की गीता के को 6-3 से हराया। वहीं अंजीत कुमार मुंडा ने पुरुषों के 67 किग्रा ग्रीको रोमन फाइनल में गुजरात के मुकेश वासवा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर स्वर्ण पदक जीता।
हिमाचल प्रदेश के दो स्वर्ण पदक नवश कुमार (97 किग्रा) और प्रियंका चौधरी (महिलाओं का 62 किग्रा वर्ग) ने दिलाए।
वहीं मिजोरम ने अपने स्वर्ण पदक की संख्या चार तक पहुंचा दी जिसमें जोसांगजुआली (महिलाओं का +86kg वर्ग) और डेविड जोहिंगमाविया (पुरुषों का +110kg वर्ग) ने पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। मिजोरम इससे तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया।
कर्नाटक 15 स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर बना हुआ है जबकि ओडिशा नौ स्वर्ण, चार रजत और 10 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द