रुपया 20 पैसे टूटकर 96.73 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 20 पैसे टूटकर 96.73 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 09:10 PM IST

मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे लुढ़ककर 96.73 के स्तर पर बंद हुआ। यह इसका लगभग दो माह का निचला स्तर है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय मुद्रा पर दबाव पड़ा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली के दबाव के कारण विदेशी पूंजी की और निकासी हुई, जिससे स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.53 के स्तर पर खुला और कारोबार के दौरान 96.45 से 96.73 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट के साथ 96.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 28 पैसे टूटकर 96.53 के स्तर पर बंद हुआ था। 20 मई को भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले 96.86 के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुई थी। इसी दिन इसने दिन के कारोबार का अपना निम्नतम स्तर 96.95 को छुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘कमजोर घरेलू बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये पर दबाव रहा। पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है।’’

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक वार्ता से रुपये में तेज गिरावट को रोका जा सकता है। उनके अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपया का हाजिर भाव 96.30 से 96.85 रुपये के दायरे में रहने की उम्मीद है।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने, विशेषकर हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी तेल टैंकरों पर हमले के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेज उछाल रुपये को प्रभावित करने वाला प्रमुख नकारात्मक कारक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक का बाजार में हस्तक्षेप रुपये में तेज गिरावट को रोकने में मदद करेगा।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 101.12 पर लगभग स्थिर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.21 प्रतिशत बढ़कर 96.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि लाल सागर और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ 363.66 अंक टूटकर 76,391.39 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 126.65 अंक गिरकर 23,869.60 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 2,999.23 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय