पेटीएम का यूपीआई भुगतान कारोबार उद्योग से दोगुनी रफ्तार से बढ़ा, युवा उपयोगकर्ता बढ़े

Ads

पेटीएम का यूपीआई भुगतान कारोबार उद्योग से दोगुनी रफ्तार से बढ़ा, युवा उपयोगकर्ता बढ़े

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 09:16 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) डिजिटल भुगतान कंपनी पेटीएम ने कहा है कि भुगतान ऐप को सरल बनाने और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सुविधाओं में निवेश से उसे जेन-जेड ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिल रही है।

पेटीएम ने कहा कि कंपनी का यूपीआई भुगतान कारोबार लगातार दूसरी तिमाही में व्यापक उद्योग की तुलना में दोगुनी से अधिक रफ्तार से बढ़ा है।

पेटीएम ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उपभोक्ता यूपीआई सकल लेनदेन मूल्य (जीटीवी) में सालाना आधार पर 45 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की, जो बढ़कर 5.9 लाख करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि दर पूरे यूपीआई उद्योग की वृद्धि दर से करीब 2.2 गुना अधिक है। इस दौरान मासिक लेनदेन करने वाले उपयोगकर्ताओं (एमटीयू) की संख्या 60 लाख बढ़कर आठ करोड़ हो गई।

कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने तिमाही नतीजों के बाद विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी किसी एक वित्तीय उत्पाद पर निर्भर रहने के बजाय ऐप के अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है। इससे ग्राहकों की भागीदारी बढ़ रही है और युवा उपयोगकर्ता जुड़ रहे हैं।

शर्मा ने कहा, ‘पेटीएम ऐप में जो सरल सुविधाएं और नए फीचर पेश किए गए हैं, वे हमारी वृद्धि को गति दे रहे हैं। हम नए जेन-जेड ग्राहकों को जुड़ते देख रहे हैं और पेटीएम इस युवा पीढ़ी के लिए पसंदीदा विकल्प बनता जा रहा है।’

कंपनी ने कहा कि उत्पादों में नवाचार और एआई आधारित ग्राहक जोड़ने की रणनीति से उसे लगातार पांच तिमाहियों से उपभोक्ता भुगतान बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिली है। इस दौरान उसका उपभोक्ता भुगतान कारोबार यूपीआई उद्योग की तुलना में दोगुनी से अधिक गति से बढ़ा है।

पिछले एक साल में पेटीएम ने कई नई सुविधाएं शुरू की हैं। इनमें मासिक एआई खर्च सारांश, भुगतान छिपाने की सुविधा, कई बैंक खातों में उपलब्ध कुल राशि देखने की सुविधा, पॉकेट मनी, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

कंपनी का कहना है कि इन सुविधाओं से उसे प्रतिस्पर्धी कंपनियों से अलग पहचान बनाने में मदद मिली है। इसके अलावा, पेटीएम ने किशोरों के लिए पेटीएम पॉकेट मनी सुविधा भी शुरू की है।

शर्मा ने कहा कि कंपनी का ध्यान किसी एक ऋण या वित्तीय सेवा उत्पाद के जरिये वृद्धि हासिल करने के बजाय ग्राहकों को बनाए रखने और उन्हें अधिक सक्रिय उपयोगकर्ता बनाने पर है।

उन्होंने कहा, ‘हम उपभोक्ता कारोबार में ग्राहकों को बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित करते हैं, ताकि हमारे साथ जुड़े ग्राहक बेहतर अनुभव महसूस करें और पेटीएम का अधिक सक्रिय रूप से इस्तेमाल करें।’

पेटीएम ने कहा कि एआई आधारित परिचालन क्षमता से राजस्व वृद्धि अप्रत्यक्ष खर्चों की तुलना में तेज हो रही है, जिससे लाभ मार्जिन में सुधार हो रहा है।

भाषा योगेश रमण

रमण