केकेआर को बीच के ओवरों में विकेट गंवाना पड़ महंगा, एलएसजी ने चार विकेट पर 181 रन पर रोका

Ads

केकेआर को बीच के ओवरों में विकेट गंवाना पड़ महंगा, एलएसजी ने चार विकेट पर 181 रन पर रोका

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 09:51 PM IST

कोलकाता, नौ अप्रैल (भाषा) लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने बीच के ओवरों में अनुशासित गेंदबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मुकाबले में बृहस्पतिवार को चार विकेट पर 181 रन पर रोक दिया।

मौजूदा सत्र में पहली जीत की तलाश कर रही केकेआर की टीम शुरुआती 10 ओवर में एक विकेट पर 98 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी। कप्तान अजिंक्य रहाणे और शानदार लय में चल रहे अंगकृष रघुवंशी ने 52 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की।

सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (नौ) के सस्ते में आउट होने के बाद भी टीम 200 के पार जाती दिख रही थी, लेकिन एलएसजी के गेंदबाजों ने स्पिन और सधी हुई तेज गेंदबाजी के मिश्रण से 11वें से 14वें ओवर के बीच पारी का रुख बदल दिया।

रहाणे (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 41 रन) को स्पिनर दिग्वेश राठी ने आउट किया। मोहम्मद शमी ने उनका शानदार कैच लपका। अगले ही ओवर में रघुवंशी (33 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन) को बाएं हाथ के स्पिनर मणिमारण सिद्धार्थ ने लॉन्ग-ऑन पर कैच कराया।

इसके बाद आवेश खान ने दूसरे स्पैल में शानदार वापसी करते हुए रिंकू सिंह (चार) को आउट किया, जिससे केकेआर के बल्लेबाज 30 गेंदों तक बाउंड्री नहीं लगा सके और 15 ओवर में स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 115 रन तक ही पहुंच सका।

रोवमैन पॉवेल (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन) और कैमरून ग्रीन (24 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

एलएसजी के गेंदबाजों में शमी सबसे प्रभावी रहे, जिन्होंने चार ओवर में नौ डॉट गेंदें डालीं और 27 रन खर्च किए। राठी (25 रन देकर एक विकेट) और सिद्धार्थ (34 रन पर एक विकेट) ने भी कसी हुई गेंदबाजी की।

इससे पहले रहाणे ने आक्रामक शुरुआत की, जबकि रघुवंशी ने शानदार लय और संयम के साथ उनका अच्छा साथ निभाया। धीमी शुरुआत के बावजूद टीम पावरप्ले में एक विकेट पर 56 रन बनाने में सफल रही।

शमी ने नई गेंद से केकेआर के बल्लेबाजों को परेशान किया, जिससे एलएसजी ने शुरुआती पांच ओवर में 18 डॉट गेंदें फेंकीं।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर