केकेआर के स्पिनरों ने चेन्नई को पांच विकेट पर 192 रन पर रोका

Ads

केकेआर के स्पिनरों ने चेन्नई को पांच विकेट पर 192 रन पर रोका

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 10:03 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 10:03 PM IST

चेन्नई, 14 अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेहतरीन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट पर 192 रन पर रोक दिया ।

संजू सैमसन (32 गेंद में 48 रन) और आयुष म्हात्रे (17 गेंद में 38 रन) ने पावरप्ले में चेन्नई को दो विकेट पर 72 रन तक पहुंचा दिया । इसके बाद केकेआर के आफ स्पिनर सुनील नारायण, बायें हाथ के धीमे गेंदबाज अनुकूल रॉय और वरूण चक्रवर्ती ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए अगले दस ओवर में सिर्फ 68 रन दिये ।

नारायण ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया जबकि अनुकूल ने तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट चटकाया ।वरूण ने तीन ओवर में 26 रन दिये ।

पावरप्ले के बाद 14 ओवरों में चेन्नई की टीम 120 रन ही बना सकी ।

कार्तिक त्यागी ने चार ओवरों में 35 रन देकर दो विकेट लिये । उन्होंने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया ।

डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंद में 41 रन बनाये जबकि सरफराज खान ने 18 गेंद में 23 रन का योगदान दिया । चेन्नई की टीम हालांकि इस पिच पर अच्छे स्कोर से 20 रन पीछे रह गई ।

शुरूआत में सैमसन ने तीन चौके लगाकर अपने तेवर जाहिर किये जिनमें पहले ही ओवर में वैभव अरोड़ा को शानदार चौका शामिल है ।

टी20 विश्व कप विजेता कप्तान म्हात्रे ने कैमरन ग्रीन को लगातार दो छक्के लगाये । उन्होंने कपिल देव की तरह ‘नटराज शॉट’ स्क्वेयर लेग के पीछे लगाया और मिडविकेट के ऊपर से गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाया ।

सैमसन ने त्यागी को स्ट्रेट में छक्का लगाया जबकि गेंदबाज ने 148 . 1 की रफ्तार से आफ कटर पर उन्हें बोल्ड कर दिया ।

भाषा मोना

मोना