क्लासेन, रेड्डी ने एसआरएच को नौ विकेट पर 156 रन पर पहुंचाया

Ads

क्लासेन, रेड्डी ने एसआरएच को नौ विकेट पर 156 रन पर पहुंचाया

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 05:53 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 05:53 PM IST

हैदराबाद, पांच अप्रैल (भाषा) मोहम्मद शमी के करिश्माई शुरुआती स्पैल के बाद हेनरिच क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी की आक्रामक शतकीय साझेदारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ नौ विकेट पर 156 रन बनाए।

शुरुआती 10 ओवर में 35 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही हैदराबाद टीम के लिए क्लासेन (41 गेंद में 62 रन) और रेड्डी (33 गेंद में 56 रन) ने ‘आक्रमण ही सर्वश्रेष्ठ बचाव’ की रणनीति पर अमल किया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की रिकॉर्ड साझेदारी के दौरान सात छक्के जड़े।

इन दोनों के जल्दी-जल्दी आउट होते ही लखनऊ ने मैच पर फिर से पकड़ बना ली और मेजबान टीम को 160 रन से नीचे रोकने में सफलता हासिल की।

इससे पहले शमी ने चार ओवर में मात्र नौ रन देकर दो विकेट चटकाते हुए 18 डॉट गेंदें फेंकी, जिससे हैदराबाद की शुरुआत पूरी तरह लड़खड़ा गई। उनके स्पैल के दौरान शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड (सात), अभिषेक शर्मा (शून्य) और कप्तान इशान किशन (एक) सस्ते में पवेलियन लौटे।

आक्रामक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन भी लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की शानदार विकेटकीपिंग का शिकार बने।

पारी के 11वें से 15वें ओवर के बीच मैच का रुख बदलता नजर आया जब सनराइजर्स ने पांच ओवरों में 79 रन बटोरे। अपने शुरुआती दो ओवरों में सिर्फ 10 रन देने वाले लेग स्पिनर दिग्वेश राठी अगले दो ओवरों में 36 रन लुटा बैठे।

भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान और प्रिंस यादव शुरुआती ओवरों में प्रभावी दिख रहे थे, लेकिन बाद में लाइन और लेंथ से भटक गए, जिसका क्लासेन और रेड्डी ने पूरा फायदा उठाया। पहले 10 ओवर में जहां केवल एक छक्का और एक चौका लगा था, वहीं इस जोड़ी ने सात छक्के और आठ चौके जड़े।

पैंतीस साल के शमी ने एक बार फिर चयनकर्ताओं को कड़ा संदेश देते हुए यादगार शुरुआती स्पैल डाला। उन्होंने अपने पहले दो ओवरों में लगातार गेंदों पर अभिषेक और हेड को आउट कर सुपर जायंट्स का दबदबा कायम किया।

शमी ने पिच को भांपते हुए अपनी गेंदों की गति में बदलाव किया। हेड के खिलाफ उन्होंने फुल लेंथ गेंदबाजी करते हुए उन्हें दौड़कर रन लेने पर मजबूर किया। उन्होंने अभिषेक को ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गेंद पर चकमा दिया। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे अभिषेक के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद शॉट थर्ड मैन की दिशा में खड़े एडेन मारक्रम की ओर गई और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ने ड्राइव लगाकर शानदार कैच पूरा किया।

अगले ओवर की पहली ही गेंद पर शमी ने धीमी गेंद फेंकी, जो टप्पा खाने के बाद और धीमी हो गई। हेड का शॉट हवा में चला गया, जिसे मिड-ऑफ पर बेहतरीन कैच में तब्दील कर दिया गया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

आनन्द