मैकग्रा ने मैच का रुख बदलने के लिए ‘विश्वस्तरीय’ गार्डनर और सदरलैंड की तारीफ की
मैकग्रा ने मैच का रुख बदलने के लिए ‘विश्वस्तरीय’ गार्डनर और सदरलैंड की तारीफ की
इंदौर, 22 अक्टूबर (भाषा) कार्यवाहक कप्तान ताहलिया मैकग्रा ने बुधवार को यहां महिला विश्व कप मैच में ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटकों से उबारकर इंग्लैंड पर छह विकेट से जीत दिलाने के लिए ‘विश्व स्तरीय’ एनाबेल सदरलैंड और एशले गार्डनर की सराहना की।
सदरलैंड (नाबाद 98) और गार्डनर (नाबाद 104) ने पांचवें विकेट के लिए 180 रन की अटूट साझेदारी की जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 68 रन पर चार विकेट से उबरकर इंग्लैंड के 244 रन के स्कोर को आसानी से पीछे छोड़ दिया।
मैकग्रा ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘ बेल्स (सदरलैंड) और ऐश (गार्डनर) वाकई विश्वस्तरीय थे। उन्हें इस तरह से बल्लेबाजी करते देखना बहुत अच्छा रहा। यह बेहद रोमांचक था और मुझे बेल्स के लिए थोड़ा दुख है कि वह शतक नहीं बना पाईं। वह पूरी तरह से इसकी हकदार थीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ वह (सदरलैंड) कमाल की खिलाड़ी हैं। इस कम उम्र में खेल में इस तरह की मानसिकता देखकर मैं आश्चर्यचकित हूं। वह अभ्यास सत्र में सबसे ज्यादा मेहनत करने वाली खिलाड़ी है। हम जब भी मुश्किल में होते है तो उससे मैच में वापसी करने की उम्मीद होती है और वह इस पर खरा भी उतरती है।’’
नियमित कप्तान एलिसा हीली पिंडली में मामूली खिंचाव के कारण इंग्लैंड के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाई थी और विकेटकीपर बल्लेबाज मैकग्रा ने कहा कि वह चोट से उबर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ दिन-ब-दिन थोड़ा सुधार हो रहा है लेकिन इस बारे में फिजियो बेहतर जानकारी दे पायेंगे।’’
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सदरलैंड ने शतकवीर गार्डनर की जमकर तारीफ करते हुए कहा, ‘‘ यह काफी मजेदार था, ऐश के साथ बल्लेबाजी हमेशा अच्छी रही है। उसकी वजह से जरूरी रनगति का दबाव हावी नहीं हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने खेल पर भरोसा है। मैंने अपने खेल में कुछ मानसिक बदलाव किये है और अपनी पारी की शुरुआत में खुद को समय देने की कोशिश करती हूं।’’
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने स्वीकार किया कि सदरलैंड और गार्डनर ने मैच उनसे छीन लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ शाम के बाद दुधिया रोशनी में पिच का मिजाज थोड़ा बदल गया था। मुझे हालांकि लगता है कि हमने कुछ जगहों पर अच्छी गेंदबाजी की लेकिन ऐश और बेल्स की साझेदारी ने मैच हमसे छीन लिया।’’
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


