गॉल, 27 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने दूसरी नयी गेंद से चार विकेट चटकाये जिसकी मदद से भारत ए ने पहले टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका ए पर 170 रन से बढत बना ली ।
दो विकेट पर 113 रन से आगे खेलते हुए श्रीलंका ए ने पांच विकेट पर 300 रन बना लिये थे जिसके बाद नबी ने दूसरी नयी गेंद से उम्दा स्पैल डालते हुए मेजबान टीम को 330 रन पर आउट कर दिया ।
नबी ने 19 . 4 ओवर में 58 रन देकर चार विकेट लिये जिससे भारत को पहली पारी में 122 रन की बढत मिल गई । भारत ने पहली पारी में छह विकेट पर 452 रन बनाये थे ।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 48 रन बना लिये थे । पहली पारी में शतक लगाने वाले साइ सुदर्शन चार रन पर ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गए । सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे और देवदत्त पडिक्कल दोनों 20 रन पर खेल रहे थे ।
तीसरे दिन एशेन बंदारा (162 गेंद में 70) और कप्तान साहन अराछिगे (129 गेंद में 72 रन ) ने तीसरे विकेट के लिये 117 रन जोड़े । एक समय पर श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 260 रन था ।
अराछिगे ने स्पिनर सारांश जैन और हर्ष दुबे की गेंदों पर तीन छक्के और पांच चौके लगाये । जैन और दुबे ने दोनों बल्लेबाजों को पडिक्कल के हाथों लपकवाया ।
पांच विकेट पर 268 रन के बाद अंजला बंदारा (15) और रविंदु फर्नांडो (22) ने 32 रन जोड़े । दूसरी नयी गेंद आने पर नबी ने दोनों को क्रमश: देवदत्त और पांडे के हाथों लपकवाया ।
श्रीलंका ए ने आखिरी पांच विकेट 30 रन के भीतर गंवा दिये ।
भाषा
मोना
मोना