पाकिस्तान: बलूचिस्तान में शुक्रवार से अब तक पांच बार आया भूकंप, पांच लोग घायल

Ads

पाकिस्तान: बलूचिस्तान में शुक्रवार से अब तक पांच बार आया भूकंप, पांच लोग घायल

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 07:36 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 07:36 PM IST

कराची, 27 जून (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार से अब तक मध्यम तीव्रता वाले कम से कम पांच भूकंप आ चुके हैं।

शनिवार सुबह आए भूकंप के झटकों से बरखान और आसपास के क्षेत्र प्रभावित हुए।

अधिकारियों के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर 4.3 से 5.2 की तीव्रता वाले इन भूकंपों में पांच लोग घायल हुए हैं और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है।

पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के मुख्य मौसम विज्ञानी अमीर हैदर लेघारी ने बताया कि ये भूकंप एक भ्रंश रेखा पर आए और संभव है कि इनका संबंध दुनिया के विभिन्न हिस्सों में आए बड़े भूकंपों से हो।

वेनेजुएला में 25 जून को 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए थे, जिनमें कम से कम 920 लोगों की मौत हो गई, 51,000 से अधिक लोग लापता हो गए।

लेघारी ने बताया, “वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के कारण अन्य भ्रंश रेखाओं पर ऊर्जा का उत्सर्जन हुआ हो सकता है और चूंकि बलूचिस्तान एक भ्रंश रेखा पर स्थित है, इसलिए यहां भूकंप के और भी झटके महसूस किए जा सकते हैं।”

भूकंप के झटके प्रांत के दूरदराज के इलाकों में महसूस किए गए, जिनमें रखनी, कोहलू, मुसाखैल, किंगरी और बरखान शामिल हैं।

अमेरिका भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, पहला भूकंप शुक्रवार सुबह आठ बजकर छह मिनट पर रखनी में महसूस किया गया था।

शनिवार सुबह बरखान में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 दर्ज की गई।

बलूचिस्तान प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी अली अंसारी ने बताया कि अब तक पांच लोगों के घायल होने की सूचना मिली है, लेकिन किसी की मौत की खबर नहीं है।

उन्होंने बताया कि मुसाखैल, किंगरी और बरखान के दूरदराज के इलाकों में कई मकान मिट्टी से बने हुए हैं, जिनमें से कुछ भूकंप के झटकों की तीव्रता के कारण ढह गए और कई लोग घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में टीमें भेजी गई हैं और बचाव अभियान जारी है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश