साइप्रस से कैंडिडेट्स टूर्नामेंट को स्थानांतरित करने की जरूरत नहीं: फिडे

Ads

साइप्रस से कैंडिडेट्स टूर्नामेंट को स्थानांतरित करने की जरूरत नहीं: फिडे

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 07:03 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) टकराव का सामना कर रहे खाड़ी क्षेत्र के करीब स्थित साइप्रस में इस महीने प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर चिंताएं हैं लेकिन शतरंज की वैश्विक संचालन संस्था फिडे ने आयोजन स्थल बदलने की संभावना को खारिज कर दिया। फिडे का कहना है कि ऐसा कदम उठाने के लिए ‘दूर-दूर तक कोई खतरा’ नहीं है।

विश्व चैंपियनशिप के खिताब के लिए चुनौती पेश करने वाले खिलाड़ी का फैसला करने वाला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होने वाला है। विश्व चैंपियनशिप का पुरुष वर्ग का खिताब भारत के डी गुकेश जबकि महिला वर्ग का खिताब चीन की जू वेनजुन के पास है।

खबरों के मुताबिक भारत की कोनेरू हंपी सुरक्षा चिंताओं के कारण इस टूर्नामेंट से हटने पर विचार कर रही हैं।

इस महीने की शुरुआत में साइप्रस में एक ब्रिटिश हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला हुआ था जिससे यह डर पैदा हो गया था कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर की गई बमबारी से शुरू हुआ संघर्ष इस द्वीप को भी अपनी चपेट में ले लेगा।

साइप्रस भूमध्य सागर का तीसरा सबसे बड़ा द्वीप है और तुर्की के दक्षिण में स्थित है और यूरोपीय संघ का सदस्य है।

फिडे के सीईओ एमिल सुतोवस्की ने ‘चेसबेस’ को बताया, ‘‘हमारी योजनाएं नहीं बदली हैं। हम कैंडिडेट्स टूर्नामेंट की तैयारियों के अंतिम चरण में हैं। बेशक, हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं। साइप्रस युद्ध क्षेत्र या संघर्ष क्षेत्र से बहुत दूर नहीं है, लेकिन साथ ही यह किसी भी तरह से सीधे तौर पर इसमें शामिल नहीं है और युद्ध की स्थिति में भी नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई आपात स्थिति या वैसी कोई बात नहीं है। लगभग 10 दिन पहले कुछ चिंताजनक खबरें आई थीं लेकिन तब से स्थिति काफी शांत लग रही है।’’

सुतोवस्की ने कहा, ‘‘लेकिन हम सिर्फ यह उम्मीद नहीं कर रहे हैं कि कुछ नहीं होगा। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उन सरकारी अधिकारियों के भी संपर्क में हैं जो टूर्नामेंट से जुड़ी हर चीज में हमारी मदद कर रहे हैं।’’

ओपन वर्ग में आर प्रज्ञानानंदा मैदान में एकमात्र भारतीय हैं जबकि विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख, हंपी और आर वैशाली ने महिलाओं के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है।

सुतोवस्की ने साइप्रस सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे इस टूर्नामेंट की अहमियत से अच्छी तरह वाकिफ हैं। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में आठ पुरुष और आठ महिलाएं हिस्सा लेंगी जिन्होंने एक लंबी प्रक्रिया के जरिए इसके लिए क्वालीफाई किया है। इस टूर्नामेंट के विजेता को इस साल के आखिर में विश्व खिताब के लिए चुनौती पेश करने का मौका मिलेगा।

अगर हंपी टूर्नामेंट से हट जाती हैं तो उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका दिया जाएगा।

भाषा सुधीर पंत

पंत