सांगवान की अर्धशतकीय पारी से उत्तर क्षेत्र का संघर्ष जारी

Ads

सांगवान की अर्धशतकीय पारी से उत्तर क्षेत्र का संघर्ष जारी

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 08:14 PM IST

बेंगलुरु, एक सितंबर (भाषा) सनत सांगवान की 76 रन की जुझारू पारी की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के तीसरे दिन मंगलवार को यहां दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ दूसरी पारी में सात विकेट पर 256 रन बनाकर अपना संघर्ष जारी रखा।

उत्तर क्षेत्र की टीम इस तरह 139 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है और उसके तीन विकेट शेष हैं।

दिन की शुरुआत में दक्षिण क्षेत्र के कप्तान तिलक वर्मा बीते दिन के अपने स्कोर में 10 रन और जोड़कर 116 रन पर नाबाद रहे। उन्होंने 10वें विकेट के लिए कावुरी साईतेजा (12) के साथ 42 रन की साझेदारी कर टीम को पहली पारी का स्कोर 312 रन तक पहुंचाने के साथ 117 रन की बड़ी बढ़त दिलाई।

पहली पारी में पिछड़ने के बाद उत्तर क्षेत्र ने सांगवान की 148 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से खेली गई 76 रन की पारी के दम पर ठोस शुरुआत की।

सांगवान ने दिल्ली के अपने साथी आयुष डोसेजा (52) के साथ दूसरे विकेट के लिए 104 रन की शानदार साझेदारी की। डोसेजा ने भी टूर्नामेंट में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।

उत्तर क्षेत्र की बढ़त अभी 139 रन की है। अगर उसे मैच में वापसी करनी है तो कम से कम 200 रन का लक्ष्य दक्षिण क्षेत्र के सामने रखना होगा। इसके बाद करीब दो सत्र में दक्षिण क्षेत्र की पूरी टीम को आउट करना भी जरूरी होगा।

दक्षिण क्षेत्र के लिए समीकरण आसान है। मैच ड्रॉ रहने पर भी वह पहली पारी में बढ़त के आधार पर फाइनल में पहुंच जाएगा, जहां चेन्नई में उसका मुकाबला पूर्व क्षेत्र से इस सप्ताह के अंत में शुरू होगा।

उत्तर क्षेत्र एक समय दो विकेट पर 175 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन इसके बाद उसकी बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम ने 10 ओवर से भी कम समय में 34 रन जोड़कर पांच विकेट गंवा दिए और उसका स्कोर सात विकेट पर 209 रन हो गया।

हरियाणा के निशांत सिंधु (20 नाबाद) और अंशुल कंबोज (29 नाबाद) ने आठवें विकेट के लिए 47 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की बढ़त को 150 रन के करीब पहुंचा दिया।

दक्षिण क्षेत्र की ओर से मध्यम गति के गेंदबाज साईतेजा, एमडी निधीश और लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने दो-दो विकेट लिए।

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर