हमारा ध्यान क्वालीफाइंग के तीसरे चरण में जगह बनाने पर : स्टिमक

Ads

हमारा ध्यान क्वालीफाइंग के तीसरे चरण में जगह बनाने पर : स्टिमक

  •  
  • Publish Date - March 14, 2024 / 07:29 PM IST,
    Updated On - March 14, 2024 / 07:29 PM IST

भुवनेश्वर, 14 मार्च (भाषा) भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने गुरुवार को कहा कि उनकी टीम अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप क्वालीफाइंग मैच में स्पष्ट मानसिकता के साथ उतरेगी और उनका ध्यान पहली बार क्वालीफायर्स के तीसरे चरण में जगह बनाने पर है।

भारत फीफा विश्व कप 2026 और एएफसी एशियाई कप 2027 के संयुक्त क्वालीफायर के दूसरे चरण में अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार दो मैच खेलेगा। इनमें से पहला मैच 21 मार्च को सऊदी अरब के आभा में खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच 26 मार्च को गुवाहाटी में होगा।

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) की विज्ञप्ति के अनुसार स्टिमक ने कहा,‘‘हम इन मैचों में जीत हासिल करने की कोशिश करेंगे। हम अभी बहुत अधिक समीकरणों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब हम उस स्थिति में पहुंच जाएंगे तो उस पर बात करना शुरू करेंगे।’’

उन्होंने कहा,‘‘हमें अभी कुछ महत्वपूर्ण मैच खेलने हैं। हमारा ध्यान क्वालीफाइंग के दूसरे चरण से तीसरे चरण में जगह बनाने पर है। अफगानिस्तान हमारे सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा। उसने 2270 मीटर की ऊंचाई पर स्थित आभा को अपना घरेलू स्थल चुनकर चालाकी भरा फैसला किया है। वहां खेलने के लिए आपको काफी दमखम लगाना होगा।’’

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द