पराग और फरेरा ने राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट पर 225 रन तक पहुंचाया

Ads

पराग और फरेरा ने राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट पर 225 रन तक पहुंचाया

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 09:46 PM IST

जयपुर, एक मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान रियान पराग (90 रन) के अर्धशतक और अंत में डोनोवन फरेरा (14 गेंद में नाबाद 47 रन) की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट पर 225 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

पराग ने आठ चौके और पांच छक्के जड़ित 50 गेंद की पारी से अपने आस पास की कई चिंताओं को दूर कर दिया क्योंकि वह इस सत्र में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उनकी मैदान पर ही मुश्किल काफी नहीं थीं कि उन्हें डगआउट में ‘वेपिंग’ करते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया जिससे बीसीसीआई ने उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा दिया।

इसलिए उन्हें बहुत कुछ साबित करना था और इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने शानदार अंदाज में ऐसा करते हुए आईपीएल 2026 में अपना पहला पचासा बनाया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के विकेट जल्दी गंवा दिए। इससे पराग पर काफी दबाव था, उन्होंने और ध्रुव जुरेल (42 रन) ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 गेंद में 102 रन की साझेदारी निभाकर इस बड़े स्कोर की नींव रखी।

इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहे फरेरा ने 14 गेंद में दो चौके और छह छक्के जड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए सत्र का पहला मैच खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके।

सूर्यवंशी को काइल जैमीसन ने यॉर्कर गेंद पर आउट किया जबकि जायसवाल भी स्टार्क को रिटर्न कैच दे बैठे। मेजबान टीम ने दो ओवर में 12 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। खराब फॉर्म से जूझ रहे बल्लेबाज पराग की स्टार्क के खिलाफ घबराहट साफ झलक रही थी।

लेकिन पराग ने छठे ओवर में जैमीसन की जमकर धुनाई की और लगातार छक्का, चौका और छक्का जड़कर आत्मविश्वास हासिल किया। इससे राजस्थान रॉयल्स ने पावर प्ले का अंत दो विकेट 56 रन पर किया।

लय में आने के बाद पराग की बल्लेबाजी में भी आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। उन्होंने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन के खिलाफ कवर्स के ऊपर से ‘टेनिस स्टाइल’ के फोरहैंड छक्का जड़ दिया।

इस तरह पराग ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और जुरेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की।

पर जुरेल ने अक्षर पटेल की गेंद को पुल करते हुए सीधे डीप में खड़े ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों में थमा दिया था। उनके जाने के बावजूद पराग रुके नहीं, उन्होंने रविंद्र जडेजा (20) के साथ मिलकर पारी आगे बढ़ाई।

हालांकि तब कुछ देर के लिए खेल धीमा पड़ गया था, लेकिन पराग ने जैमीसन की गेंदों पर लगातार तीन बाउंड्री लगाकर रन गति को इजाफा दिया, इनमें एक शानदार अपरकट भी शामिल था।

जडेजा के स्टार्क की गेंद का शिकार होने से पहले उन्होंने और पराग ने चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़े।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्टार्क ने पराग की पारी का भी अंत कर दिया जो कवर्स के ऊपर से खेलने की कोशिश में सीधे गेंद अक्षर के हाथों में दे बैठे।

फरेरा ने फिर उपयोगी योगदान दिया जिसमें उन्होंने स्टार्क की गेंदों पर लगातार एक चौका और एक छक्का भी जड़ा।

भाषा नमिता

नमिता