म्यूनिख, 26 मई (भाषा) पार्थ राकेश माने ने मंगलवार को आईएसएसएफ विश्व कप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के सीनियर फाइनल में सातवां स्थान हासिल किया। यह भारत के लिए उनका पहला सीनियर अंतरराष्ट्रीय फाइनल था।
महाराष्ट्र के 18 वर्षीय पार्थ ने क्वालिफिकेशन दौर में 633.6 अंक जुटाकर जूनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा और 149 निशानेबाजों के कड़े मुकाबले में तीसरे स्थान पर रहे। उनसे बेहतर प्रदर्शन केवल चीन के झांग चांगहोंग और स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन ने किया।
फाइनल में पार्थ ने अच्छी शुरुआत की और शुरुआती चरण में चौथे स्थान तक पहुंचे, लेकिन बाद के राउंड में प्रतिस्पर्धा कड़ी हो गई। अंततः 145.8 अंक के साथ वह सातवें स्थान पर बाहर हो गए।
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन के झांग चांगहोंग ने जीता, जबकि दक्षिण कोरिया के शिन मिनकी ने रजत और विक्टर लिंडग्रेन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इससे पहले क्वालिफिकेशन में भाग लेने वाले दो अन्य भारतीय, शाहू तुषार माने (630.5) और अर्जुन बाबूता (627.5), क्रमशः 25वें और 63वें स्थान पर रहे।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। सम्राट राणा 582 अंक के साथ 14वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। अजेंद्र सिंह चौहान 28वें तथा श्रवण कुमार 46वें स्थान पर रहे।
भारत के जोनाथन गेविन एंटनी ने 585 अंक हासिल कर सातवां स्थान पाया, लेकिन वह केवल रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे थे, इसलिए फाइनल में हिस्सा नहीं ले सके।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ईशा सिंह ने शानदार शुरुआत करते हुए प्रिसिजन राउंड में 293 अंक बनाकर फिलहाल छठा स्थान हासिल किया। मनु भाकर (288) और राही सरनोबत (287) को फाइनल में पहुंचने के लिए बुधवार के रैपिड फायर राउंड में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
महिलाओं की थ्री पोजिशन स्पर्धा में भारत की विदार्सा विनोद, आशी चोकसी और तिलोत्तमा सेन ने अपने-अपने क्वालिफिकेशन राउंड सफलतापूर्वक पार कर लिए और फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं।
भाषा आनन्द
आनन्द