नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) हीरो मोटोकॉर्प ने एथनॉल मिश्रित ईंधन (फ्लेक्स-फ्यूल) पर चलने वाली भारत की पहली मोटरसाइकिलें – स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स – बुधवार को पेश कीं।
यह मोटरसाइकिल पेट्रोल में 85 प्रतिशत तक एथनॉल मिश्रण पर चल सकती हैं।
कंपनी ने बयान में कहा कि एचएफ डीलक्स मिश्रित ईंधन मोटरसाइकिल की कीमत 72,792 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) होगी, जबकि मिश्रित ईंधन स्प्लेंडर प्लस की कीमत 82,710 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) होगी।
बयान में कहा गया है कि इन मोटरसाइकिल की बिक्री जुलाई, 2026 में दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू की जाएगी, जिसके बाद जल्द ही इसे पूरे देश में पेश कर दिया जाएगा।
बयान के अनुसार, नए मॉडल उपभोक्ताओं को भरोसेमंद प्रदर्शन या किफायती स्वामित्व में आसानी से समझौता किए बिना एक अत्यंत व्यावहारिक और सुविधाजनक परिवहन समाधान प्रदान करते है।
बयान में कहा गया है कि रोजमर्रा की यात्रा के दौरान कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण नुकसान को काफी कम करते हुए ये मोटरसाइकिलें 2030 तक आर्थिक कार्बन तीव्रता को 45 प्रतिशत तक कम करने के भारत के राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए सहायक हैं।
इन मोटरसाइकिल को विश्व पर्यावरण दिवस से पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में किया गया।
गडकरी ने इस कार्यक्रम में कहा, ‘‘भारत वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ परिवहन प्रौद्योगिकियों को अपनाने में तेजी से प्रगति कर रहा है।’’
भाषा यासिर अजय
अजय