नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को कहा कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार बनकर उभरा है और 2025 तक वार्षिक क्षमता वृद्धि के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह उपलब्धि देश की स्वच्छ ऊर्जा की तीव्र वृद्धि को बताती है, जो कुशल, विश्वसनीय और टिकाऊ सौर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने में मददगार है।’’
यादव ने इसके साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो के अनुसार, जहां 2014 में देश की सौर क्षमता 2.8 गीगावाट थी, वहीं आज यह 155 गीगावाट को पार कर गई है, जो 5,370 प्रतिशत की वृद्धि है।
वीडियो में यह भी कहा गया है कि भारत ने 50 प्रतिशत से अधिक स्वच्छ ऊर्जा क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य पार कर लिया है और अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) लक्ष्यों को समय से पहले ही पूरा कर लिया है। एनडीसी गैर-बाध्यकारी, स्वैच्छिक जलवायु कार्य योजनाएं हैं जिन्हें प्रत्येक देश को 2015 के पेरिस समझौते के तहत तय करना और लागू करना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत, 40 लाख से अधिक घरों को अब सौर ऊर्जा से बिजली मिल रही है।
भाषा रमण अजय
अजय