पंजाब किंग्स सोशल बीसीसीआई के नये दिशानिर्देशों को खिलाड़ियों को अवगत करायेगा

पंजाब किंग्स सोशल बीसीसीआई के नये दिशानिर्देशों को खिलाड़ियों को अवगत करायेगा

पंजाब किंग्स सोशल बीसीसीआई के नये दिशानिर्देशों को खिलाड़ियों को अवगत करायेगा
Modified Date: May 9, 2026 / 08:49 pm IST
Published Date: May 9, 2026 8:49 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) पंजाब किंग्स शनिवार को धर्मशाला में अभ्यास सत्र के बाद अपने खिलाड़ियों के साथ बैठक कर उन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के नए आईपीएल दिशानिर्देशों की जानकारी देगी।

फ्रेंचाइजी इस परामर्श की अनुपालन की पुष्टि के लिए खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों से हस्ताक्षर भी प्राप्त करेगी।

टीम के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, “ मुख्य कार्यकारी अधिकारी आज रात अभ्यास के बाद खिलाड़ियों से बात करेंगे और बीसीसीआई द्वारा जारी दिशानिर्देश पढ़कर सुनाएंगे। किसी भी खिलाड़ी पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित नहीं किया गया है। नियमों का सम्मान किया जाना चाहिए और उनका सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।”

यह भी जानकारी सामने आई है कि अब पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों से जुड़े वीडियो केवल फ्रेंचाइजी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से ही बनाए और पोस्ट किए जाएंगे।

यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 60 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वे अपने रील्स और व्लॉग्स के जरिए सक्रिय रहते हैं। माना जा रहा है कि उनकी बढ़ती डिजिटल मौजूदगी ने बीसीसीआई और टीम प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया है।

बीसीसीआई ने हाल ही में अपनी भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एसीयू) द्वारा टीम होटलों में अनधिकृत मेहमानों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ खिलाड़ियों की अत्यधिक निकटता और प्रतिबंधित क्षेत्रों में कंटेंट निर्माण से जुड़ी चिंताओं के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

नए नियमों के अनुसार, अब किसी भी मेहमान को खिलाड़ियों और अधिकारियों के कमरों में जाने के लिए टीम मैनेजर की लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।

पंजाब किंग्स बीसीसीआई द्वारा निर्धारित 48 घंटे की समय सीमा के भीतर खिलाड़ियों को इन नए दिशानिर्देशों की जानकारी दे रही है।

टीम फिलहाल 10 मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है और सोमवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में