राहुल का अर्धशतक, दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को दिया 204 रन का लक्ष्य

Ads

राहुल का अर्धशतक, दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को दिया 204 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:51 PM IST

कोलकाता, 24 मई (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल (60 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ पांच विकेट पर 203 रन बनाए। हालांकि इस मैच का नतीजा अब कोई मायने नहीं रखता।

राहुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद में पांच चौके और चार छक्के जड़ित पारी खेली। यह इस सत्र में उनका छठा अर्धशतक है।

वह 13वें ओवर में आउट हुए जिसके बाद केकेआर ने मैच पर फिर दबदबा बना लिया जिससे दिल्ली की रन बनाने की रफ़्तार धीमी पड़ गई।

डेविड मिलर (28), अक्षर पटेल (39) और आशुतोष शर्मा (नाबाद 18) ने पारी के आखिर में तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए।

केकेआर के गेंदबाजों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ सौरभ दुबे सबसे सफल रहे जिन्होंने 28 रन देकर दो विकेट लिए।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दिन के शुरूआती मैच में जब राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर प्लेऑफ में चौथी और आखिरी टीम के तौर पर क्वालीफाई किया तो यह मुकाबला चौथे ओवर में ही बेमानी हो गया था। इस नतीजे के साथ ही केकेआर और पंजाब किंग्स, दोनों ही टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

पंजाब किंग्स ने शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर अपनी उम्मीदें जीवंत रखी थीं जबकि दिल्ली कैपिटल्स तो शनिवार को ही पंजाब किंग्स की जीत के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थी।

जब मैच में दांव पर लगाने के लिए कुछ खास नहीं था तो मैदान पर खिलाड़ियों में जोश की कमी साफ नजर आ रही थी।

केकेआर के उप-कप्तान रिंकू सिंह ने साहिल परख का कैच उस समय छोड़ दिया, जब वह सात रन पर खेल रहे थे। वहीं, सुनील नारायण का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा, उन्होंने अपने चार ओवरों में 38 रन लुटाए, जिसके बाद 12वें ओवर के बाद उनकी जगह फिन एलन को स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतारा गया।

यह बात भी समझ से परे थी कि केकेआर ने इस बेमानी मैच में भी वरुण चक्रवर्ती से गेंदबाज़ी क्यों करवाई जबकि इस भारतीय स्पिनर के बाएं पैर के अंगूठे में ‘हेयरलाइन फ्रैक्चर’ था। उन्होंने 35 रन देकर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल (39) के रूप में एक विकेट लिया। अनुकूल रॉय को भी एक विकेट मिला।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द