बेंगलुरु, एक जून (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के वफादार और उत्साही प्रशंसकों ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में अपनी टीम की लगातार दूसरी खिताबी जीत का संयमित होकर पूरी रात जश्न मनाया और स्थानीय पुलिस ने भी यह सुनिश्चित किया कि ‘विजय उत्सव’ बेकाबू न हो जाए।
पिछले साल खिताब जीतने के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। उसे घटना को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने शहर के उन प्रमुख इलाकों में गश्त की, जहां रविवार रात मोटेरा में गुजरात टाइटन्स पर आरसीबी की शानदार जीत के बाद प्रशंसक जमा हुए थे।
पुलिस की घेराबंदी के बावजूद लोगों ने पूरी रात जश्न मनाया लेकिन इस बार किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं घटी।
विजय उत्सव में शामिल एक प्रशंसक ने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि आरसीबी ने लगातार दो खिताब जीते हैं, लेकिन फाइनल एकतरफा रहा। हमें उम्मीद थी कि गुजरात टाइटंस कड़ी चुनौती पेश करेगा।’’
दिल्ली से आए एक प्रशंसक ने कहा, ‘‘मैं विराट कोहली का प्रशंसक हूं और इसीलिए मैं आरसीबी का समर्थन करता हूं। मुझे खुशी है कि आज रात दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया।’’
बेंगलुरु पुलिस ने आरसीबी की जीत की संभावना को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के मुख्य क्षेत्रों के आसपास गश्त शुरू कर दी थी।
शहर के पुलिस आयुक्त सीमंथ कुमार ने कहा, ‘‘यह पूरे शहर में हमारे नियमित सुरक्षा उपायों का हिस्सा है। हमने जनता, दर्शकों और प्रशंसकों से अनुरोध किया है कि वे सही भावना से जश्न मनाएं और अन्य लोगों के लिए परेशानी पैदा न करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हमने सख्त निर्देश जारी किए। उन निर्देशों के अनुसार हमारी पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जा रहे थे। जिन सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चलते थे, हमने उन सड़कों को बंद कर दिया था।’’
उधर अहमदाबाद में दो महीने तक चले आईपीएल अभियान के बाद खिलाड़ियों और उनके परिजनों ने भी जमकर मौज-मस्ती की। कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ डांस फ्लोर पर आकर उत्सव जैसा माहौल बना दिया। कप्तान रजत पाटीदार के लिए यह जीत जन्मदिन का सबसे बेहतरीन तोहफा साबित हुई।
पाटीदार ने यह जीत पिछले साल भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को समर्पित की।
भाषा
पंत
पंत