पेरिस, 26 मई (एपी) विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एरीना सबालेंका ने फ्रेंच ओपन में भीषण गर्मी का पूरा फायदा उठाते हुए पहले दौर में शानदार जीत दर्ज की तो वहीं पुरुष वर्ग में रूस के स्टार खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव को बड़ा उलटफेर झेलना पड़ा।
सबालेंका ने स्पेन की जेसिका बौजास मानेइरो को 6-4, 6-2 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। मुकाबले के दौरान उन्होंने नेट के पास आक्रामक खेल दिखाते हुए कई शानदार वॉली पॉइंट जीते।
रोलां गैरों में लगातार तीसरे दिन तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान था। गर्म मौसम के कारण क्ले कोर्ट तेजी से सूख रहे हैं और सामान्य से अधिक तेज खेल हो रहा है, जिससे नेट पर आक्रामक रणनीति कारगर साबित हो रही है।
मैच के बाद सबालेंका ने कहा, “इस समय खेल का सबसे मजेदार हिस्सा यही है कि मैं नेट पर आकर अंक जीत पा रही हूं। मैंने अपने खेल के इस हिस्से में काफी सुधार किया है और इस पर गर्व है।”
सबालेंका ने इस मैच के दौरान हीरे से जड़े नेकलेस पहनकर ध्यान आकर्षित किया तो वहीं अपने फैशनेबल कपड़ों से सुर्खियां बटोरने नाओमी ओसाका ने महिला एकल में जर्मनी की लौरा सीगमंड को 6-3, 7-6 (3) से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पुरुष एकल में ऑस्ट्रेलिया के एडम वॉल्टन ने पांच सेट तक चले मुकाबले में मेदवेदेव को 6-2, 1-6, 6-1, 1-6, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर किया।
वॉल्टन विश्व रैंकिंग में 97वें स्थान पर हैं और उन्हें टूर्नामेंट आयोजकों ने वाइल्ड कार्ड दिया था।
यूनान के स्टेफानोस सितसिपास भी अगले दौर में पहुंच गए। उनके स्थानीय प्रतिद्वंद्वी अलेक्जांद्र मुलर चोट के कारण मैच बीच में छोड़ने को मजबूर हो गए।
फ्रांस के 17 वर्षीय खिलाड़ी मोइज कुआमे ने अपने ग्रैंड स्लैम करियर की शानदार शुरुआत करते हुए अनुभवी मारिन सिलिच को 7-6 (4), 6-2, 6-1 से हराया।
एटीपी टूर के अनुसार, विश्व रैंकिंग में 318वें स्थान पर मौजूद कुआमे 2008 या उसके बाद जन्मे पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने किसी ग्रैंड स्लैम मुकाबले में जीत दर्ज की है।
एपी आनन्द सुधीर
सुधीर