रात भर जारी हमलों के बाद लेबनानी नदी से लगे क्षेत्रों में इजराइल और हिजबुल्ला के बीच झड़प

Ads

रात भर जारी हमलों के बाद लेबनानी नदी से लगे क्षेत्रों में इजराइल और हिजबुल्ला के बीच झड़प

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 10:04 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 10:04 PM IST

बेरूत, 26 मई (एपी) लेबनान में मंगलवार को रणनीतिक रूप से अहम एक नदी से लगे क्षेत्रों में इजराइली सेना और ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्ला के लड़ाकों के बीच तब झड़प हो गई जब इजराइली सेना उत्तर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही थी।

लेबनान और इजराइल के सैन्य प्रतिनिधिमंडलों की वाशिंगटन में होने वाली सीधी बातचीत से तीन दिन पहले ये हमले किए गए।

हिजबुल्ला दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों और उत्तरी इजराइल के कस्बों पर हमले कर रहा है। उसने कहा है कि जब तक इजराइल अपने दैनिक हवाई हमले बंद नहीं करता और देश से अपने सैनिक नहीं हटाता, तब तक वह लड़ाई जारी रखेगा।

पहले हुआ युद्धविराम दिन-ब-दिन नाममात्र का साबित होता जा रहा है, जिससे ईरान युद्ध में व्यापक शांति के प्रयास जटिल होते जा रहे हैं, क्योंकि तेहरान चाहता है कि लड़ाई खत्म होने में लेबनान भी शामिल हो।

लेबनान में लितानी नदी एक वास्तविक सीमा की तरह रही है। इसके दक्षिण के बड़े इलाके इजराइली सेना के नियंत्रण में हैं, जबकि वॉशिंगटन की मध्यस्थता से हुआ युद्धविराम एक महीने से अधिक समय से लागू है।

पूर्वी लेबनान के एक गांव पर इजराइल के हवाई हमले में 12 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मंगलवार को किए गए जोरदार हमले और झड़प की घटना इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा लेबनान भर में हिजबुल्ला को निशाना बनाकर और अधिक गंभीर हमले करने की योजना को मंजूरी देने के बाद हुईं।

इस बीच, एक इजराइली सुरक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सेना ने लेबनान में एक अतिरिक्त बटालियन बुलाई है।

इजराइल की सेना ने कहा कि उसने रात भर में दक्षिणी लेबनान और पूर्वी बेका घाटी क्षेत्र में हिजबुल्लाह के 100 से अधिक ठिकानों पर हमले किए।

उसने कहा कि उसने भंडारण सुविधाओं, कमान केंद्रों और निगरानी चौकियों को निशाना बनाया, जिनका इस्तेमाल उत्तरी इजराइल में इजरायली सैनिकों और निवासियों पर हमले करने के लिए किया जाता था।

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने बताया कि एक हमले में पूर्वी गांव मशघारा को निशाना बनाया गया, जिसमें एक परिवार के कई सदस्यों सहित 12 लोग मारे गए।

हाल के दिनों में इजराइल ने नदी के ठीक उत्तर में स्थित नबातीह शहर और प्रांत में हमले तेज कर दिए हैं। मंगलवार को उसने शहर के निवासियों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी।

लेबनान सरकार को उम्मीद है कि हिजबुल्ला के विरोध के बावजूद इजराइल के साथ सीधी बातचीत से संघर्षविराम का रास्ता निकलेगा।

इस युद्ध में लेबनान में 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। यह युद्ध दो मार्च को ईरान के समर्थन में हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इजराइल पर रॉकेट दागे जाने के बाद शुरू हुआ था।

एपी

संतोष माधव

माधव