आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे सम्राट और बबूता
आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे सम्राट और बबूता
म्यूनिख, 25 मई (भाषा) राइफल और पिस्टल आईएसएसएफ विश्व कप के म्यूनिख चरण के पहले दिन पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाएं होंगी जिसमें सम्राट राणा और अर्जुन बबूता भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।
जर्मनी की राजधानी में होने वाली यह प्रतियोगिता इस खेल की शीर्ष वार्षिक प्रतियोगिताओं में से एक है जिसमें ओलंपिक और विश्व चैंपियन सहित 80 देशों के 696 निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
भारत की 22 सदस्यीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है।
भारतीय टीम में सीनियर स्तर पर पदार्पण करने वाले चार खिलाड़ी भी शामिल हैं। सूरज शर्मा, साक्षी पाडेकर, अजेंद्र सिंह चौहान और उदयवीर सिद्धू इस ओलंपिक स्पर्धा के लिए सीनियर विश्व कप में पदार्पण कर रहे हैं।
इस 22 सदस्यीय टीम के अलावा 13 अन्य खिलाड़ी भी रैंकिंग अंक के लिए म्यूनिख में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
विश्व चैंपियन सम्राट राणा, श्रवण कुमार और अजेंद्र 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे।
ये तीनों दुनिया के कुछ बेहतरीन पिस्टल निशानेबाजों का सामना करेंगे जिसमें चीन के हू काई भी शामिल है जिन्होंने पिछले साल चारों विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने विश्व कप फाइनल का खिताब भी अपने नाम किया था और विश्व चैंपियनशिप में सम्राट के बाद रजत पदक जीता था।
इस स्पर्धा में अन्य दावेदारों में पिछले महीने ग्रेनाडा में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के 19 वर्षीय बू शुआईहांग, जर्मनी के दिग्गज क्रिश्टियन रिट्ज, पेरिस ओलंपिक पदक विजेता इटली के फेडेरिको नीलो मालदिनी और पाओलो मोन्ना, पेरिस ओलंपिक पदक विजेता तुर्की के यूसुफ डिकेच और 2016 ओलंपिक के रजत पदक विजेता ब्राजील के फेलिप अल्मेडा वू भी शामिल हैं।
इस स्पर्धा में कुल 153 निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
सोलह वर्षीय जोनाथन गैविन एंटनी और हर्ष स्वामी रैंकिंग अंकों के लिए मुकाबला करेंगे।
पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में भारतीय चुनौती की अगुवाई ओलंपियन अर्जुन बबूता करेंगे जिन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इस सत्र की शुरुआत की थी। उनके साथ पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन पार्थ राकेश माने और शाहू तुषार माने भी होंगे। रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों रैंकिंग अंक के लिए मुकाबला करेंगे।
इन्हें राइफल निशानेबाजी के कुछ सबसे बड़े नामों का सामना करना होगा जिनमें चीन के स्टार शेंग लिहाओ और जर्मनी के विश्व चैंपियन मैक्सिमिलियन डैलिंगर शामिल हैं।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


