सेरेना साल के पहले मैच में हार के साथ विंबलडन से बाहर

Ads

सेरेना साल के पहले मैच में हार के साथ विंबलडन से बाहर

  •  
  • Publish Date - June 29, 2022 / 10:19 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:54 PM IST

विंबलडन, 29 जून (एपी) दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने 364 दिन बाद महिला एकल मुकाबले में वापसी की लेकिन विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में ही हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

सेरेना के खेल में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कभी तो ऐसा लगा कि वह बिलकुल भी लय में नहीं है जबकि कई मौकों पर उन्होंने ऐसा खेल दिखाया जैसे वह अपने 23वें ग्रैंडस्लैम खिताब के अभियान में आगे बढ़ेंगी।

सेरेना ने अपना पिछला एकल मुकाबला विंबलडन में ही पिछले साल 29 जून को खेला था लेकिन पहले सेट में ही चोटिल होने के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था।

विंबलडन में सात बार की पूर्व चैंपियन 40 साल की सेरेना जीत दर्ज करने से दो अंक की दूरी तक पहुंची। उन्हें अंतत: विंबलडन में पदार्पण कर रही दुनिया की 115वें नंबर की खिलाड़ी फ्रांस की हारमोनी टेन के खिलाफ पहले दौर के मुकाबले में 7-5, 1-6, 7-6 (10-7) से हार झेलनी पड़ी।

दूसरे दौर में टेन की भिड़ंत गुरुवार को 32वीं वरीय स्पेन के सारा सोरिबेस टोर्मो से होगी जिन्होंने पहले दौर में अमेरिकी क्वालीफायर क्रिस्टीना मैकहेल को 6-2, 6-1 से हराया।

एपी सुधीर

सुधीर