शाहिदी का शतक, प्रसिद्ध के पांच विकेट से भारत ने अफगानिस्तान को 218 रन पर समेटा

शाहिदी का शतक, प्रसिद्ध के पांच विकेट से भारत ने अफगानिस्तान को 218 रन पर समेटा

शाहिदी का शतक, प्रसिद्ध के पांच विकेट से भारत ने अफगानिस्तान को 218 रन पर समेटा
Modified Date: June 20, 2026 / 05:55 pm IST
Published Date: June 20, 2026 5:55 pm IST

चेन्नई, 20 जून (भाषा) प्रसिद्ध कृष्णा (23 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के करियर के पहले शतक के बावजूद अफगानिस्तान को 218 रन पर समेट दिया।

प्रसिद्ध की तूफानी गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान ने 10वें ओवर में 36 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन शाहिदी ने अंतिम बल्लेबाज के तौर पर आउट होने से पहले 131 गेंद में 13 चौकों और एक छक्के से 102 रन की पारी खेलने के अलावा अजमतुल्लाह उमरजई (50) के साथ पांचवें विकेट के लिए 117 गेंद में 105 रन की साझेदारी करके टीम को सम्माजनक स्कोर तक पहुंचाया। शाहिदी ने मोहम्मद नबी (21) के साथ भी छठे विकेट के लिए 53 गेंद में 57 रन की साझेदारी की। मेहमान टीम हालांकि अंत में 44.2 ओवर में सिमट गई।

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद प्रसिद्ध ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मेहमान टीम के शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया। उन्होंने ‘फ़ुलर लेंथ’ पर गेंद डालकर बल्लेबाजों को ड्राइव खेलने के लिए ललचाया।

रहमानुल्लाह गुरबाज (05), इब्राहिम जादरान (11) और रहमत शाह (05) तीनों ने ही प्रसिद्ध की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर ड्राइव खेलने की कोशिश की और पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा को आसान कैच थमा बैठे।

दारविश रसूली (01) भी इस तेज गेंदबाज की गेंद को पुल करने की कोशिश में गेंद को हवा में लहरा बैठे और श्रेयस अय्यर ने मिड ऑफ से दौड़कर शानदार कैच लपका। इससे प्रसिद्ध को शुरुआती 10 ओवर के अंदर ही अपना चौथा विकेट मिल गया।

कर्नाटक के इस तेज गेंदबाज ने जसप्रीत बुमराह, जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाज़ों की उस खास सूची में भी जगह बना ली जिन्होंने यह कारनामा किया है।

अफगानिस्तान पर 36 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद जल्दी सिमटने का खतरा मंडराने लगा था लेकिन शाहीदी और उमरजई ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया और टीम को संकट से बाहर निकाला।

शाहिदी ने पारी को संभालने की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने रन बनाने के लिए अक्सर ‘लेट कट’ खेला और खाली क्षेत्रों में शॉट खेलने में सफल रहे। शाहिदी ने 64 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

उमरजई ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे (38 रन पर एक विकेट) और ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर पर छक्के भी जड़े।

उमरजाई हालांकि प्रिंस यादव (38 रन पर एक विकेट) की गेंद को पुल करने की कोशिश में लॉन्ग लेग पर खड़े प्रसिद्ध को कैच दे बैठे।

तेज गर्मी के कारण 80 रन तक पहुंचने के बाद शाहिदी को पैर में जकड़न की समस्या ने जूझना पड़ा लेकिन वह क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने वाशिंगटन की गेंद पर लेट कट से चौका जड़कर 128 गेंद में अपना पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया।

नबी के आउट होने के बाद दूसरे छोर पर तेजी से विकेट गिरने लगे। शाहिदी ने दर्द के बावजूद अफगानिस्तान का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।

शाहिदी 45वें ओवर में प्रसिद्ध का पांचवां शिकार बने जबकि उन्होंने डीप मिडविकेट पर अय्यर को कैच थमाया।

पारी के 39वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहिदी के पिच के ‘खतरनाक हिस्से’ पर दौड़ने की वजह से अफगानिस्तान पर पांच रन की पेनल्टी लगाई गई।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में