मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के पुरस्कार समारोह में बुधवार को शारदुल ठाकुर और सिद्धेश लाड को क्रमशः 2024-25 और 2025-26 सत्रों के लिए ‘साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर’ चुना गया।
दोनों खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सीनियर क्रिकेटर के रूप में जस्टिस तेंदोलकर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुंबई के उन खिलाड़ियों और कोचों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की खिताबी सफलताओं में योगदान दिया।
युवा बल्लेबाज आयुष महात्रे को इस साल दक्षिण अफ्रीका में भारत की अंडर-19 टीम को रिकॉर्ड छठा विश्व कप खिताब दिलाने के लिए सम्मानित किया गया। उनके साथ विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू को भी सम्मान मिला।
भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर शिवम दुबे को पिछले महीने टीम को रिकॉर्ड तीसरा टी20 विश्व कप जिताने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जेमिमा रोड्रिग्स, भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार और गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी को पिछले वर्ष देश को पहला वनडे विश्व कप खिताब दिलाने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अंडर-19 महिला विश्व कप विजेता टीम की सदस्य सानिका चालके को भी सम्मानित किया गया।
एमसीए ने अपने बयान में कहा, “2024-25 सत्र में घरेलू क्रिकेट में मुंबई का दबदबा जारी रहा। संघ ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी, अंडर-14 वेस्ट जोन चैंपियनशिप, अंडर-23 महिला वनडे ट्रॉफी, विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) और महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी जीतने वाली टीमों को सम्मानित किया, जो विभिन्न आयु वर्ग और प्रारूपों में उत्कृष्टता को दर्शाता है।”
इस समारोह में महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, राजीव कुलकर्णी, डायना एडुल्जी, महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार और अदिति तटकरे, एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक और अन्य शीर्ष परिषद सदस्य मौजूद रहे।
भाषा आनन्द आनन्द
आनन्द