नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने खेल मंत्रालय को पैरा एथलीट सुरजीत कुमार को उनके लंबित नकद पुरस्कारों के वितरण से संबंधित रिकॉर्ड का निरीक्षण करने की अनुमति देने का निर्देश दिया है।
सुरजीत कुमार ने दावा किया था कि विभिन्न स्तरों पर पदक जीतने के बावजूद उन्हें कई वर्षों से ये पुरस्कार नहीं मिले हैं।
सूचना आयुक्त पी. आर. रमेश ने कुमार की उस अपील पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश जारी किया जो उन्होंने युवा मामले और खेल मंत्रालय के खिलाफ दायर की थी। यह अपील उनके नकद पुरस्कारों से संबंधित मांगी गई जानकारी के बारे में थी।
कुमार ने यह जानकारी मांगी थी कि क्या उन्होंने पैरा-पावरलिफ्टिंग में आधिकारिक रूप से भारत या किसी राष्ट्रीय निकाय का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने वर्ष और प्रतियोगिता के हिसाब से जीते गए पदकों, निर्धारित नकद पुरस्कारों, उन्हें जारी की गई राशि, लंबित पुरस्कारों और उन पुरस्कारों के वितरण में देरी के कारणों के बारे में भी जानकारी मांगी थी।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द