ग्रेनाडा (स्पेन) आठ अप्रैल (भाषा) मिश्रित टीम स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय पुरुष निशानेबाजों ने बुधवार को यहां आईएसएसएफ पिस्टल/राइफल विश्व कप की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में निराश किया जहां तीनों प्रतिभागी फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे।
युवा मुकेश नेलावल्ली ने मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान विश्व रिकॉर्ड कायम किया था। वह 579 के स्कोर के साथ 14वें स्थान पर रहे और आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने से चूक गए।
चीन के विश्व नंबर एक हू काई भी संघर्ष करते हुए 578 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर रहे।
मुकेश क्वालीफाइंग के शुरुआती और अंतिम चरण में 94 और 95 के दो कमजोर स्कोर के कारण पिछड़ गए। उन्होंने बीच के चारों चरणों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 98, 98, 97 और 97 के स्कोर बनाए थे।
पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता यू शी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाइंग में 588 के स्कोर से शीर्ष स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने 98, 99, 97, 98, 99 और 97 के स्कोर बनाए।
काहिरा विश्व कप (2024) में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता उज्जवल मलिक 577 के कुल स्कोर (95, 96, 96, 97, 95, 98) के साथ 22वें स्थान पर रहे।
इस स्पर्धा में भाग ले रहे तीसरे भारतीय प्रमोद (पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीनियर श्रेणी में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे) ने 574 का स्कोर बनाकर 86 निशानेबाजों के बीच 39वां स्थान हासिल किया।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ओलंपियन रिदम सांगवान प्रीसीजन चरण में 292 (99, 96, 97) का स्कोर बनाकर पहले दिन के बाद छठे स्थान पर है। दिव्या टी ने भी 291 (96, 98, 97) के स्कोर के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए आठवां स्थान प्राप्त किया।
स्पर्धा में चुनौती पेश कर रही तीसरी भारतीय खिलाड़ी सिमरनप्रीत कौर बराड़ 282 (93, 94, 95) के स्कोर के साथ 45वें स्थान पर है।
प्रतियोगिता का दूसरा चरण (रैपिड चरण) बृहस्पतिवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें शीर्ष आठ निशानेबाज पदक चरण में प्रवेश करेंगे।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर