शॉटगन विश्व कप: नीरू का शानदार प्रदर्शन, पुरुष ट्रैप निशानेबाजों ने निराश किया

शॉटगन विश्व कप: नीरू का शानदार प्रदर्शन, पुरुष ट्रैप निशानेबाजों ने निराश किया

शॉटगन विश्व कप: नीरू का शानदार प्रदर्शन, पुरुष ट्रैप निशानेबाजों ने निराश किया
Modified Date: July 11, 2026 / 10:16 am IST
Published Date: July 11, 2026 10:16 am IST

लोनाटो (इटली), 11 जुलाई (भाषा) भारत की नीरू ढांडा ने आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप की महिला ट्रैप प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए क्वालीफाइंग के पहले तीन राउंड के बाद ‘परफेक्ट’ स्कोर हासिल कर बढ़त बना ली है।

मौजूदा एशियाई और राष्ट्रीय चैंपियन 26 वर्षीय नीरू ने शुक्रवार को लगातार तीन राउंड में 25-25 का ‘परफेक्ट’ स्कोर बनाकर 75 अंक हासिल किए। अपने इस शानदार प्रदर्शन से वह 106 निशानेबाजों के बीच शीर्ष पर पहुंच गई हैं।

उन्होंने अपनी करीबी प्रतिद्वंदी अमेरिका की राहेल टोज़ियर और स्लोवाकिया की जुज़ाना रेहाक स्टेफेसेकोवा पर दो अंक की बढ़त हासिल कर रखी है।

नीरू ने इससे पहले मई में अल्माटी में आईएसएसएफ विश्व कप में मिश्रित ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

भारत की अन्य दो महिला निशानेबाज मनीषा कीर और आशिमा अहलावत पहले तीन राउंड में क्रमशः 69 और 61 अंक ही हासिल कर पाईं।

मनीषा 17वें स्थान पर जबकि आशिमा 84वें स्थान पर हैं जिससे दोनों के आठ निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचने की संभावना बहुत कम है। अभी क्वालीफाइंग के दो राउंड खेले जाने बाकी हैं, जिसके बाद शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल में पहुंचेंगे।

भारत के पुरुष ट्रैप निशानेबाजों के लिए पहला दिन निराशाजनक रहा और वे पदक की दौड़ से लगभग बाहर हो गए हैं।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल अहवर रिजवी ने 75 में से 70 अंक हासिल किए और वह लगभग दो दर्जन निशानेबाजों के साथ 59वें स्थान पर हैं।

शपथ भारद्वाज 68 का स्कोर बनाकर 103वें स्थान पर, जबकि अनुभवी काइनन चेनाई 67 का स्कोर बनाकर 208 निशानेबाजों में 19 अन्य खिलाड़ियों के साथ 117वें स्थान पर हैं।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में