दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 91 रन पर समेटा, पहला टी20 सात विकेट से जीता

Ads

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 91 रन पर समेटा, पहला टी20 सात विकेट से जीता

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 04:50 PM IST

माउंट मोनगानुई (न्यूजीलैंड), 15 मार्च (एपी) दक्षिण अफ्रीका ने पदार्पण कर रहे चार खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए रविवार को यहां न्यूजीलैंड को 14.3 ओवर में 91 रन पर समेटने के बाद पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच सात विकेट से जीत लिया।

दक्षिण अफ्रीका ने पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन की 48 गेंद में नाबाद 45 रन की पारी की बदौलत 20 गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 93 रन बनाकर जीत दर्ज की। पदार्पण कर रहे डियान फोरेस्टर 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

एस्टरहुइजेन ने 17वें ओवर में काइल जेमीसन पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई।

न्यूजीलैंड की विश्व कप टीम के आठ सदस्य इस श्रृंखला का हिस्सा नहीं हैं जिसमें फाइनल में भारत के खिलाफ 96 रन से शिकस्त झेलने वाली टीम के शीर्ष छह बल्लेबाज भी शामिल हैं।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पावर प्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए और अंतत: टी20 में अपने 10वें सबसे कम स्कोर पर सिमट गई जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे कम स्कोर है।

गेराल्ड कोएट्जी (14 रन पर दो विकेट) ने न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (01) और टॉम लैथम (07) को पवेलियन भेजा जबकि ओटनील बार्टमैन (22 रन पर दो विकेट) ने टिम रोबिनसन (06) और निक कैली (02) की पारी का अंत किया।

बेवन जैकब्स (10) इसके बाद रन आउट हुए जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 36 रन हो गया।

नकोबानी मोकोएना (26 रन पर तीन विकेट) ने न्यूजीलैंड के निचले क्रम को समेटा।

जिमी नीशाम (26) और मिचेल सेंटनर (15) ने सातवें विकेट के लिए 26 रन जोड़े जो पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

एपी सुधीर नमिता

नमिता