इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने लोगों को ईंधन की गुणवत्ता के प्रति आश्वस्त किया

Ads

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने लोगों को ईंधन की गुणवत्ता के प्रति आश्वस्त किया

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 06:56 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने पिछले सप्ताह अपने करीब 10,000 खुदरा पंप पर औचक निरीक्षण किया और 8,500 से अधिक ईंधन गुणवत्ता परीक्षण किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने यह कदम सोशल मीडिया पर ईंधन की गुणवत्ता को लेकर प्रसारित हो रहीं चिंताओं के बीच ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए उठाया है।

देश की सबसे बड़ी ईंधन खुदरा विक्रेता कंपनी ने कहा है कि वह ईंधन में मिलावट, अशुद्धि और तय गुणवत्ता मानक के उल्लंघन के लिए किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किए जाने की नीति अपनाती है तथा जो डीलर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं, उनके खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाती है।

कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘इंडियन ऑयल के लिए ईंधन की गुणवत्ता बहुत जरूरी है। हमारी टीम हर रोज पूरे देश में यह सुनिश्चित करने के लिए काम करती है कि ग्राहकों को ऐसा ईंधन मिले जो तय गुणवत्ता मानकों को पूरा करता हो। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के मकसद से नियमित निरीक्षण, औचक जांच और वैज्ञानिक परीक्षण किए जाते हैं।’’

आईओसी ने बताया कि गुणवत्ता मानकों के अनुपालन की स्वतंत्र जांच के लिए सैकड़ों विशेष निरीक्षण दल भी तैनात किए गए हैं।

कंपनी के अनुसार, जांच या ग्राहक शिकायतों के आधार पर यदि मिलावट या गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का कोई मामला सामने आता है तो संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

कंपनी ने ग्राहकों से अपील की है कि वे ईंधन गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत को सीधे पेट्रोल पंप या कंपनी के ग्राहक सेवा माध्यमों से दर्ज कराएं और अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें।

भाषा यासिर अजय

अजय