स्टार्क को आईपीएल में खेलने के लिए हरी झंडी

Ads

स्टार्क को आईपीएल में खेलने के लिए हरी झंडी

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 12:00 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 12:00 PM IST

सिडनी, 23 अप्रैल (भाषा) क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने मिचेल स्टार्क को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने की अनुमति दे दी है और उम्मीद है कि यह तेज गेंदबाज दिल्ली कैपिटल्स के एक मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेगा।

कोहनी और कंधे में चोट के कारण बाएं हाथ कें तेज गेंदबाज स्टार्क जनवरी से कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने एशेज के पांचों टेस्ट मैचों में अहम भूमिका निभाई। उन्हें इस श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। इसके बाद उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए बिग बैश लीग के पांच मैच भी खेले थे।

क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार, ‘‘उम्मीद है कि स्टार्क भारत में अब कड़ा अभ्यास करेंगे। वह दिल्ली के राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक मई को होने वाले मैच में खेलने की राह पर हैं, जो उनका आईपीएल के वर्तमान सत्र में अपना पहला मैच होगा।’’

इस 36 वर्षीय खिलाड़ी की आईपीएल के शुरुआती चरण में अनुपस्थिति ने विदेशी खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता पर बहस छेड़ दी थी, जिसके चलते स्टार्क को सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण भी देना पड़ा था। उन्होंने इसे बेहद गलत जानकारी करार दिया था।

स्टार्क ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे। दिल्ली अभी छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।

इस बीच ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस सत्र में अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हैं, वहीं जोश हेज़लवुड ने शुरुआती मैचों में अनुपस्थित रहने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलना शुरू कर दिया है।

भाषा

पंत

पंत