विज्क आन जी (नीदरलैंड), एक फरवरी (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश ने टाटा स्टील मास्टर्स के 12वें चरण में रविवार को यहां हांस मोके नीमन के खिलाफ ड्रॉ खेला, जबकि नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने मैथियास ब्लूबाउम पर दमदार जीत दर्ज कर एकल बढ़त कायम करते हुए खिताब की ओर कदम बढ़ा दिया।
जावोखिर सिंदारोव ने आर प्रज्ञानानंदा के खिलाफ कोई जोखिम नहीं लिया जिससे उन्हें ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा। वह 7.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए। वह अपने हमवतन अब्दुसत्तोरोव से आधा अंक पीछे हैं।
टूर्नामेंट में अब सिर्फ एक दौर का खेल बचा है और उज्बेकिस्तान के इन दोनों खिलाड़ियों ने शीर्ष दो स्थान के साथ साल के पहले सुपर-टूर्नामेंट में अपने देश का दबदबा कायम किया।
नीमन, नीदरलैंड के जॉर्डन वान फोरेस्ट और जर्मनी के विंसेंट कीमर सात-सात अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। वे तुर्किये के युवा सितारे यागिज कान एरदोगमुस और ब्लूबाउम से आगे हैं।
एरदोगमुस ने एक और निर्णायक मुकाबले में स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेदोसीव को करारी शिकस्त दी।
गुकेश छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर हैं, जहां उनका साथ नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी दे रहे हैं। 5.5 अंकों वाले फेदोसीव भारतीय खिलाड़ी प्रज्ञानानंदा से आगे हैं। अर्जुन एरिगैसी और अरविंद चितंबरम के नाम एक समान 4.5 अंक है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर