जिम्बाब्वे से श्रृंखला जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम

जिम्बाब्वे से श्रृंखला जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम

जिम्बाब्वे से श्रृंखला जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी भारतीय टीम
Modified Date: July 24, 2026 / 12:25 pm IST
Published Date: July 24, 2026 12:25 pm IST

हरारे, 24 जुलाई (भाषा) कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में अपनी पहली जीत से वापसी की राह पर अग्रसर भारत शनिवार को यहां होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ अजेय बढ़त हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होगा।

आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) से हारने के बाद तीन बार के टी20 विश्व कप विजेता भारत ने बृहस्पतिवार को यहां तीन मैच की श्रृंखला के पहले मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में खेली गई 50 रन की पारी और मयंक यादव (चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट) की तूफानी गेंदबाजी ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे ने हाल में अपने घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

भारत ने सूर्यवंशी के अर्धशतक, इशान किशन के 35 रन और कप्तान अय्यर की 28 रन की नाबाद पारी की बदौलत छह ओवर और सात विकेट शेष रहते हुए 126 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर दिया।

दो साल पहले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करते हुए अपने दूसरे ही मैच में ही शतक बनाने वाले अभिषेक शर्मा पहले मैच में नहीं चल पाए थे और वह उसकी भरपाई करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे।

सूर्यवंशी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड बनाया। इस युवा बल्लेबाज को इससे काफी राहत मिली होगी, क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर उन्हें विशेष रूप से शॉर्ट पिच गेंदों से निशाना बनाया जा रहा था।

भारतीय टीम प्रबंधन हालांकि बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से ज्यादा युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामूहिक प्रयास से खुश होगा। वीवीएस लक्ष्मण इस श्रृंखला में मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

भारत ने परिस्थितियों से अच्छी तरह से तालमेल बिठाया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी इस मैच में अच्छा प्रदर्शन किया और 29 रन देकर दो विकेट लिए। अशोक शर्मा ने भी अपनी गति से प्रभावित किया लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

लेकिन सबसे बड़ी उपलब्धि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मयंक की शीर्ष स्तरीय क्रिकेट में सफल वापसी थी, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद चोटिल के कारण लगभग दो साल मैदान से बाहर रहे।

पहले मैच में मयंक की गति और नियंत्रण दोनों ही बेहतरीन थे, जिसमें जिम्बाब्वे के प्रमुख बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को बाहर की तरफ स्विंग लेने वाली गेंद पर आउट करना महत्वपूर्ण था।

जिम्बाब्वे को पावरप्ले में जरूरत से ज्यादा विकेट गंवाने का अफसोस रहेगा। उसके बल्लेबाज भारतीय तेज गेंदबाजों का सामना करने में नाकाम रहे और भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख पाए।

इस श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच रविवार को खेला जाएगा।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, अशोक शर्मा, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, यश ठाकुर।

जिम्बाब्वे: सिकंदर. रज़ा (कप्तान), बेन करन, इनोसेंट काला, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर, डायोन मायर्स, तफदज़वा त्सिगा (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवेरे, तनाका चिवांगा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा।

भाषा

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में