कोलकाता, एक मार्च (भाषा) भारत को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले संजू सैमसन ने रविवार को स्वीकार किया कि ‘अगर नहीं हुआ तो क्या होगा’ जैसे ख्याल उनके दिमाग में लगातार आते रहे लेकिन उन्होंने हर गेंद पर फोकस करके बल्लेबाजी की ।
वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल की तरह रहे सुपर आठ मुकाबले में सैमसन ने 50 गेंद में नाबाद 97 रन बनाये जिसके दम पर भारत ने पांच विकेट से जीत दर्ज की ।
सैमसन ने मैच के बाद प्रसारक से कहा ,‘‘ यह सवाल तो हमेशा चल रहा था कि अगर नहीं हुआ तो क्या होगा ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन जब भी वह ख्याल आता था तो मैं खुद को वर्तमान में ले आता और गेंद को देखकर , खुद पर भरोसा रखकर खेलता रहा ।’’
सैमसन ने कहा कि उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा और एम एस धोनी से लक्ष्य का पीछा करना सीखा है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं लंबे समय से यह प्रारूप खेल रहा हूं । दस बारह साल से आईपीएल और एक दशक से देश के लिये खेल रहा हूं । अंतिम एकादश में नहीं रहने पर भी डगआउट से देखकर विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों से सीखा है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ यह मेरे कैरियर के सबसे बड़े दिनों में से एक है । मेरे लिये यह सब कुछ है । जिस दिन से खेलना शुरू किया, देश के लिये खेलने का सपना देखा था । मुझे इसी दिन का इंतजार था ।’’
भाषा मोना
मोना