डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का मजबूती से जवाब देंगी विनेश

डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का मजबूती से जवाब देंगी विनेश

डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का मजबूती से जवाब देंगी विनेश
Modified Date: May 9, 2026 / 10:53 pm IST
Published Date: May 9, 2026 10:53 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) विनेश फोगाट ने शनिवार को संकेत दिए कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का मजबूती से जवाब देंगी।

डब्ल्यूएफआई ने विनेश पर अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाते हुए विस्तृत नोटिस जारी किया है। साथ ही, महासंघ ने उन्हें 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है।

डब्ल्यूएफआई के अनुसार, विनेश ने संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत अनिवार्य छह महीने की नोटिस अवधि पूरी नहीं की। इसका मतलब है कि दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पहलवान को प्रतिस्पर्धी वापसी के लिए अभी और इंतजार करना होगा।

विनेश रविवार से शुरू होने वाली गोंडा राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग प्रतियोगिता से वापसी करना चाहती थीं। उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक से अयोग्य ठहराए जाने के बाद कुश्ती से संन्यास ले लिया था।

विनेश ने ‘एक्स’ पर लिखा “ज़िंदगी फंसी है किसी मंझधार में, जमाना ढूंढता है खामी मेरे किरदार में। ज़िंदगी, तेरा सर सदा बुलंद रखा है,

झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में।”

इससे पहले दिन में डब्ल्यूएफआई ने 15 पन्नों के नोटिस में आरोप लगाया कि पेरिस में विनेश के आचरण से “भारतीय कुश्ती की प्रतिष्ठा को स्थायी नुकसान” पहुंचा और यह डब्ल्यूएफआई संविधान, यूडब्ल्यूडब्ल्यू के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों और डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन है।

पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। विनेश ने डब्ल्यूएफआई पर गोंडा प्रतियोगिता में उनका प्रवेश रोकने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि वह पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली छह महिला पहलवानों में शामिल थीं।

भाषा आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में