वार्नर ने 100वें टी20 में जड़ा अर्धशतक, आस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 11 रन से हराया

Ads

वार्नर ने 100वें टी20 में जड़ा अर्धशतक, आस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 11 रन से हराया

  •  
  • Publish Date - February 9, 2024 / 07:09 PM IST,
    Updated On - February 9, 2024 / 07:09 PM IST

होबार्ट (आस्ट्रेलिया), नौ फरवरी (एपी) सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने अपने 100वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 36 गेंद में 70 रन जड़े जिसके बाद स्पिनर एडम जम्पा के (26 रन देकर) तीन विकेट से आस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को यहां पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को 11 रन से शिकस्त दी।

वार्नर और टिम डेविड (17 गेंद में नाबाद 37 रन) की आक्रामक पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सात विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया।

वेस्टइंडीज की टीम ने ब्रैंडन किंग (53) और जॉनसन चार्ल्स (42) की बदौलत तेज शुरूआत की लेकिन जम्पा के महत्वपूर्ण मौकों पर दिये गये झटकों से आस्ट्रेलिया ने प्रतिद्वंद्वी टीम को 20 ओवर में आठ विकेट पर 202 रन ही बनाने दिये।

आस्ट्रेलिया के पाकिस्तान को 3-0 से हराने के बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले वार्नर ने कहा कि वह छोटे प्रारूप से संन्यास लेने से पहले आगामी टी20 विश्व कप में खेलना चाहते हैं।

आस्ट्रेलियाई टीम अगले तीन हफ्तों में छह टी20 मैच खेलेगी। उसने वनडे श्रृंखला में वेस्टइंडीज को 3-0 से शिकस्त दी थी।

तीन मैच की टी20 श्रृंखला का दूसरा मैच रविवार को एडीलेड में खेला जायेगा।

एपी नमिता आनन्द

आनन्द