हमने ट्रायल्स में छूट की मांग नहीं की, सिर्फ तैयारी के समय मांगा था: पहलवान

Ads

हमने ट्रायल्स में छूट की मांग नहीं की, सिर्फ तैयारी के समय मांगा था: पहलवान

  •  
  • Publish Date - June 24, 2023 / 08:57 PM IST,
    Updated On - June 24, 2023 / 08:57 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) एशियाई खेलों और विश्व चैम्पियनशिप के ट्रायल्स से छूट मिलने के लिए साथी पहलवानों के विरोध का सामना कर रहे आंदोलनकारी पहलवानों ने आईओए से इस तरह की छूट की मांग से इनकार किया और कहा कि अगर यह साबित हो गया तो वे कुश्ती छोड़ देंगे।

लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने शुक्रवार को सवाल उठाये थे कि क्या ये पहलवान इस तरह की छूट हासिल करने के लिए ही विरोध कर रहे थे और उन्होंने जूनियर पहलवानों, उनके कोचों और अभिभावकों से इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी।

साक्षी ने सोशल मीडिया पर लाइव चैट में कहा, ‘‘हमने ट्रायल्स में छूट नहीं मांगी थी, बस तैयारी के लिए समय मांगा था। ’’

बजरंग ने कहा, ‘‘अगर आपको एक मुकाबले के ट्रायल से परेशानी थी तो आपको खेल मंत्री के पास जाना चाहिए था। लेकिन आपने सोशल मीडिया के जरिए जहर फैलाने का फैसला किया। ’’

उन्होंने साथ ही कहा, ‘‘अगर यह साबित हो जाए कि हमने छूट मांगी थी तो हम कुश्ती छोड़ने को तैयार हैं। हमने छूट के लिए कभी कोई पत्र नहीं लिखा। ’’

इन पहलवानों ने अपनी लड़ाई जारी रखने की कसम भी खायी।

विनेश ने कहा, ‘‘बृज भूषण शरण सिंह को सजा मिलने तक हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे, हम आरोप पत्र दाखिल होने का इंतजार कर रहे हैं। ’’

साक्षी, बजरंग और विनेश फोगाट महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

भाषा नमिता

नमिता