विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉरेस पुरस्कार के लिए नामित

Ads

विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉरेस पुरस्कार के लिए नामित

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 07:17 PM IST

मैड्रिड, तीन मार्च (भाषा) भारत की महिला क्रिकेट टीम को पिछले साल पहली बार विश्व कप खिताब जीतने के लिए लॉरेस की साल की सर्वश्रेष्ठ टीम के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

लॉरेस स्पोर्ट ने मंगलवार को नामांकन की पुष्टि की।

भारतीय टीम इस पुरस्कार के लिए नामित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम है। यह विश्व कप में टीम के शानदार प्रदर्शन की पहचान है। भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत के दौरान महिलाओं के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल किया था।

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम को इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, फ्रांस की फुटबॉल लीग की टीम पेरिस सेंट जर्मेन और मैकलारेन फॉर्मूला वन टीम जैसी बड़ी टीमों के साथ नामित किया गया है।

लॉरेस स्पोर्ट ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट विश्व कप सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य (339) को हासिल किया। इसके बाद टीम ने दक्षिण अफ्रीका अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला खिताब जीता और इस पुरस्कार के लिए नामित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम है।’’

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय महिला टीम की जीत देश के क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र में एक अहम पल था।

सैकिया ने बयान में कहा, ‘‘विश्व कप 2025 की जीत ना केवल टीम के लिए बल्कि हमारे देश के पूरे क्रिकेट पारिस्थतिकी तंत्र के लिए एक अहम पल था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह लॉरेस नामांकन उनकी कामयाबी के वैश्विक असर को दिखाता है। टीम ने युवा लड़कियों की एक नई पीढ़ी को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित किया है और हम उन नींव और सहयोग प्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो आने वाले वर्षों तक इस कामयाबी को बनाए रखेंगे।’’

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि यह नामांकन महिला टीम की कड़ी मेहनत को दिखाता है।

मन्हास ने कहा, ‘‘वैश्विक खेल की कुछ सबसे मशहूर टीमों के साथ पहचान मिलना उनकी कड़ी मेहनत और भारत में महिला क्रिकेट के बढ़ते कद को दिखाता है।’’

इसके साथ ही टीम पुरुष लॉरेस वर्ग के लिए नामित हुए भारतीय खिलाड़ियों के खास समूह में शामिल हो गई है जिसमें विनेश फोगाट (2019), नीरज चोपड़ा (2022), और ऋषभ पंत (2025) शामिल हैं।

भाषा सुधीर मोना

मोना