युवा ऑलराउंडर वत्स ने फिर चमक बिखेरी, हरियाणा को दिलाई लगातार दूसरी जीत

Ads

युवा ऑलराउंडर वत्स ने फिर चमक बिखेरी, हरियाणा को दिलाई लगातार दूसरी जीत

  •  
  • Publish Date - October 26, 2025 / 04:23 PM IST,
    Updated On - October 26, 2025 / 04:23 PM IST

रोहतक, 26 अक्टूबर (भाषा) बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर पार्थ वत्स ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट चटकाए और हरियाणा को रविवार को यहां ग्रुप सी रणजी ट्रॉफी मैच में त्रिपुरा पर नौ विकेट से शानदार जीत दिलाई।

इक्कीस साल के इस ऑलराउंडर ने लगातार दूसरी बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता। इस बार उन्होंने आठ विकेट लिए जिससे त्रिपुरा की टीम दूसरी पारी में महज 47 रन पर ढेर हो गई। इससे मेजबान टीम को जीत के लिए 16 रन का आसान लक्ष्य मिला।

हरियाणा ने 4.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और अब उसके दो मैचों में 12 अंक हैं।

पहली पारी में 14 रन देकर तीन विकेट लेने वाले वत्स ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लिए। उन्होंने दूसरी पारी में 14 रन देकर पाच विकेट झटके।

त्रिपुरा की दूसरी पारी 19.1 ओवर में ही खत्म हो गई और उसके सिर्फ दो बल्लेबाज़ ही दहाई के अंक तक पहुंच सके।

इससे पहले त्रिपुरा के बाएं हाथ के स्पिनर स्वप्निल सिंह ने हरियाणा की पहली पारी में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 66 रन देकर सात विकेट लिए लेकिन उनका यह प्रयास हरियाणा को पहली पारी में 32 रन की बढ़त लेने से नहीं रोक सका। त्रिपुरा ने पहली पारी में 126 रन बनाए थे।

वत्स ने रेलवे के खिलाफ पदार्पण करते हुए 52 रन और नाबाद 110 रन की पारी खेली थी। सूरत में 96 रन की जीत में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

वहीं तिनसुकिया में सेना ने अर्जुन शर्मा के नौ विकेट से असम पर आठ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। ​​बाएं हाथ के स्पिनर शर्मा को पहले दिन ‘हैट्रिक’ के बाद शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

असम ने रविवार को सुबह दूसरी पारी पांच विकेट पर 56 रन से शुरू की लेकिन टीम नौ ओवर से भी कम खेल पाई। सेना के गेंदबाजों के लगातार विकेट झटकने से असम की पूरी टीम 75 रन पर आउट हो गई।

फिर सेना ने 71 रन का लक्ष्य 13.5 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। सेना के अब दो मैचों में 13 अंक हैं।

शर्मा ने पहली पारी में हैट्रिक ली थी जबकि मोहित जांगड़ा ने भी यही उपलब्धि हासिल की थी। इस तरह रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार एक पारी में दो गेंदबाजों ने हैट्रिक ली।

शर्मा ने दूसरी पारी में 9.3 ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए। रात्रिप्रहरी सुमित घाडीगांवकर सहित असम के केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाए।

अमित शुक्ला ने छह ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लेकर शानदार सहयोग दिया जिससे असम की दूसरी पारी जल्द ही सिमट गई।

भाषा नमिता पंत

पंत