दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में दुर्ग में रहने वाले शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ राकेश कोठारी की सोमवार को रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई. डॉक्टर राकेश को खुद को स्वाइन फ्लू होने का अंदेशा हुआ था. जिसके तहत वे रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे और सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दुर्ग जिले में अब तक कुल 6 मौतें स्वाइन फ्लू से हो चुकी हैं. हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने 5 मौतों की पुष्टि की है. CMHO के मुताबिक विभाग को स्वाइन फलू के संभावित 15 मरीजों की जानकारी मिली थी. इनमें से 5 को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया था. इधर, कोरबा में भी स्वाइन फ्लू ने पैर पसारना शुरू कर दिया है. SECL इलाके में एक महीने में स्वाइन फ्लू के 3 मरीज मिल चुके हैं. ये तीनों मरीज SECL कर्मचारी हैं. स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. प्रभावित इलाकों में कैंप लगाकर जांच की बात कही जा रही है. स्वास्थ्य विभाग निजी और सरकारी अस्पतालों से स्वाइन फ्लू के मरीजों का ऑनलाइन डाटा मंगा रहा है ताकि कि हालात काबू में रहें।