बांदा : आर्थिक संकट के चलते अलग-अलग जगहों पर चार लोगों ने आत्महत्या की

Ads

बांदा : आर्थिक संकट के चलते अलग-अलग जगहों पर चार लोगों ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - December 15, 2020 / 08:48 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:22 PM IST

बांदा (उप्र), 15 दिसंबर (भाषा) उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में आर्थिक संकट के चलते अलग-अलग जगहों पर चार लोगों द्वारा फंदे से लटककर कथित रूप से खुदकुशी करने के मामले सामने आए हैं।

Read More News:  18 दिसंबर से खुलेंगे प्रदेश के सभी स्कूल, पहले की तरह ही लगेंगी 10वीं और 12वीं की 

जसपुरा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अर्जुन सिंह ने मंगलवार को बताया, ‘क्षेत्र के बरेहटा गांव में रविवार की रात किसान मूलचन्द्र (50) फसल की रखवाली करने खेत गया था। सोमवार सुबह खेत में लगे पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका पाया गया। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।’

पुलिस अधिकारी ने अर्जुन के बेटे बुद्धराज के हवाले से बताया, ‘अगले साल जून माह में बहन की शादी होने वाली है। पैसे का इंतजाम नहीं होने पर उसके पिता परेशान थे। संभवतः इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या की।’

दूसरी घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र से है। बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) भास्कर मिश्रा ने बताया, ‘कस्बे के कृष्णा नगर का रहने वाला सोनू उर्फ महेंद्र प्रताप (34) पंजाब में मजदूरी करता था। वह हाल में पत्नी और बच्चों के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। उसने सोमवार को अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी।’

Read More News: स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, छत्तीसगढ़ में आज 19 कोरोना मरीजों की मौत, 1615 नए संक्रमितों की पुष्टि

मिश्रा ने सोनू के पिता शिवदत्त के हवाले से बताया, ‘सोनू अपने बच्चों के साथ दोबारा पंजाब लौटना चाह रहा था, लेकिन किराए के लिए पैसा नहीं होने पर उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।’

तीसरी घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र की है।

नरैनी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंद्रदेव ने बताया, ‘पनगरा गांव के एक युवक रोहित प्रजापति (25) ने सोमवार को फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।’

उन्होंने बताया कि ‘वह दिल्ली जाना चाहता था और इसके लिए पिछले दो दिनों से वह परिजन से पैसों की मांग कर रहा था। पैसा नहीं मिलने और परिजन से विवाद के कारण उसने कथित रूप से आत्महत्या कर ली।’’

चौथी घटना कमासिन थाना के नन्दन डेरा गांव की है। कमासिन थाना प्रभारी रामाश्रय सिंह ने बताया, ‘राकेश यादव की 22 वर्षीय पत्नी ज्योति ने सोमवार को फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।’

उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि ‘खर्च के लिए पैसा नहीं मिलने पर पति-पत्नी के बीच रविवार की रात विवाद हुआ था। सोमवार को दिन में जब सभी परिजन खेत में काम करने चले गए, तब उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।’

सिंह ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह गृह कलह की वजह से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। महिला की शादी इसी साल 26 फरवरी को हुई थी।’

Read More News: घमासान! क्या राजनैतिक दलों मे किसानों का हमदर्द बनने की होड़ लगी है?