मेरठ में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Ads

मेरठ में नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - January 5, 2021 / 04:05 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

मेरठ (उप्र), पांच जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करके दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरोह के सरगना सहित तीन लोग फरार हैं।

छापेमारी के दौरान इनके कब्जे से 5 लाख 33 हजार 600 रुपये के नकली नोट तथा 97 हजार 500 रुपये के अर्धनिर्मित नकली नोट मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरोह द्वारा मेरठ में नकली नोट बनाकर दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर और हापुड़ आदि जगहों पर इन नोटों को चलाया जा रहा था।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि थाना गंगा नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नकली नोटों के साथ आरोपी महिला सुमन निवासी ग्राम सिखैडा थाना इन्चौली और उसकी बेटी को सीएनजी पंप के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 500-500 रुपये के 10 नकली नोट तथा 200-200 रुपये के 19 नकली नोट बरामद हुए।

उन्होंने बताया कि बाद में इनकी निशानदेही पर सुभाषनगर स्थित आरोपियों के किराये के मकान पर दबिश देकर रोबिन निवासी मेरठ, सिकन्दर निवासी हापुड़ को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से नकली नोट बनाने के उपकरण, कलर प्रिंटर, चार कटर, डाई आदि सामान जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य मिलकर नकली नोट तैयार कर छोटी दुकानों, पैठ बाजारों, रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदारों से सामान खरीदते थे। आरोपी अब तक तक मेरठ, बुलन्दशहर, हापुड़, दिल्ली-एनसीआर आदि स्थानों पर लगभग पांच लाख रुपये के नकली नोट चला चुके हैं।

भाषा सं शफीक