कसडोल इलाके के पुटपुरा स्थित सरकारी हाईस्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल के भीतर नौवीं क्लास की चार छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं और उनका शरीर ठंडा पड़ने लगा। आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से कसडोल के अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। होश में आने के बाद छात्राओं ने जो बताया वो और भी हैरान करने वाला था। उन्होंने बताया कि जब वो क्लासरूम में पहुंचीं, तो उन्हें सफेद साड़ी पहने एक औरत दिखी, जिसके बाल लंबे और बिखरे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अफसर भी छात्राओं का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। छात्राओं का इलाज करने वाले डॉक्टर और शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि छात्राओं को भ्रम हुआ है और दहशत की वजह से उन्हें ऐसा लग रहा है।